मैं बिहार आया हूं, उन्हें रोकना है तो रोक लें : उपेंद्र कुशवाहा
जेएनएन, कोचस/ चेनारी(रोहतास) : केंद्र द्वारा भेजे गए रुपये को राज्य सरकार खर्च नहीं कर पा रही है। जन
जेएनएन, कोचस/ चेनारी(रोहतास) : केंद्र द्वारा भेजे गए रुपये को राज्य सरकार खर्च नहीं कर पा रही है। जनता को गुमराह करने के लिए सूबे का मुखिया जीतन राम मांझी अनर्गल बयान दे रहे हैं। मैं तो बिहार में आया हूं, उन्हें रोकना है तो रोक लें।
शनिवार को स्थानीय चौक पर केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा ने यह बातें कही। कहा कि मैं तो बिहार आ गया हूं। उन्हें रोकना है तो रोक ले। राजग केंद्र में हर तरह के विकास कार्य कर रही है। हर राज्य में भी केंद्र की पैनी नजर है। मंत्री के यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने उत्साह पूर्वक फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया। मौके पर अजय यादव, रामचंद्र ठाकुर, रमाशंकर सिंह, हरेंद्र चौहान सहित अन्य उपस्थित थे। वहीं चेनारी प्रखंड के तेलारी में शिक्षाविद डा.सुरेश प्रसाद सिंह तनहा के पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्री ने कहा कि शिक्षकों के सम्मान से ही राज्य का विकास होगा। डा. सुरेश सिंह तनहा जैसे शिक्षक अपने कर्मो के बल पर आज भी इस क्षेत्र में पूजे जाते हैं। कहा कि डा. तनहा ने शिक्षा की लौ इस क्षेत्र में जलाई है, उसका प्रकाश मद्धिम नहीं होना चाहिए। मौके पर बीएस कालेज हाटा के प्राचार्य डा. सत्य नारायण सिंह ने भी अपनी बात रखी। रालोसपा के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष ललन पासवान ने कहा कि डा. सुरेश सिंह न केवल के एक उच्च कोटि के शिक्षक थे, बल्कि कवि व महान विचार रखने वाले आदर्श पुरुष थे। मौके पर नरेंद्र कुमार सहित अन्य ने भी अपनी बात रखी।