चार घंटे तक उपद्रवी मचाते रहे तांडव
संवाद सहयोगी, डेहरी-आनसोन (रोहतास) : डालमियानगर में चार घंटे तक उपद्रवी कानून को अपने हाथों में ले त
संवाद सहयोगी, डेहरी-आनसोन (रोहतास) : डालमियानगर में चार घंटे तक उपद्रवी कानून को अपने हाथों में ले तोड़-फोड़ करते रहे। पुलिस इन्हें रोकने के बजाय मौके से भाग खड़ी हुई। जिससे दर्जन भर वाहन आग के हवाले हो गए। लाखों रुपये की सरकारी व निजी संपति का नुकसान हुआ है। हालांकि वरीय पुलिस अधिकारियों व दंगा नियंत्रण वाहन के आने के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो रतु बिगहा में चोरी की घटना के विरोध में लोग डेहरी-राजपुर पथ को आज सुबह जाम किए थे। पुलिस व स्थानीय लोगों के सहयोग से समझा-बुझाकर जाम हटाया गया। इसी बीच गेस्ट हाउस के पास बस से कुचल माडल स्कूल के प्रथम वर्ग के छात्र रजनीश की मौत की घटना से लोग उग्र हो गए। मौके का लाभ उपद्रवी तत्वों ने उठाते हुए भारतीय रेल बिजली कंपनी लिमिटेड के बस व कर्मियों को खड़े वाहनों में आग लगाना शुरू कर दिया। कई अन्य वाहनों के भी शीशे तोड़ आग के हवाले कर दिया।
पथराव कर पुलिस कर्मियों के साथ आम लोगों को भी निशाना बनाया। इसी बीच थानाध्यक्ष राम एकबाल पुलिस बल के साथ पहुंचे तो उनपर भी भीड़ ने पत्थरबाजी करनी शुरू कर दी। उग्र भीड़ को देख पुलिस वहां से लौट उपद्रवी तत्वों को तांडव मचाने के लिए खुली छूट दे दी। बाद में घटनास्थल पर पहुंचे पुलिस निरीक्षक बेंकटेश्वर राम ने वरीय पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी (अभियान) मो. हुसैल, एसडीपीओ अशोक प्रसाद, सार्जेट मेजर अरुण कुमार भारी संख्या में पुलिस बल के साथ पहुंचे। भीड़ को खदेड़ने का प्रयास किया। बावजूद उपद्रवी तत्व पथराव करते रहे। साढे नौ बजे घटनास्थल पर पहुंचे एसपी चंदन कुशवाहा ने दंगा निरोधक वाहन बुला स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पत्थर फेंक रहे उपद्रवियों पर आंसू गैस के गोले दागे व खदेड़कर पकड़ने का सिलसिला प्रारंभ हुआ। ढाई दर्जन उपद्रवियों को गिरफ्त में आते ही उपद्रवी भाग खड़े हुए।
एसपी ने कहा कि भीड़ में उपद्रवी तत्वों के शामिल होने से इस तरह की घटना घटी है। 30 से अधिक उपद्रवी गिरफ्तार किए गए हैं। इस संबंध में सैकड़ों अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अन्य अभियुक्तों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करेगी।
घटना एक नजर में
* 8.25 बजे गेस्ट हाउस के पास दुर्घटना में छात्र की मौत
* 8.30 बजे से वाहनों को जलाने व क्षतिग्रस्त का सिलसिला
* 9.30 बजे एसपी मौके पर पहुंचे
* 12.30 बजे स्थिति नियंत्रण में।