कस्तूरबा विद्यालय के निरीक्षण में मिली गड़बड़ी
ब्रह्मापुर (बक्सर) : बीडीओ के जांच में कस्तूरबा विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति से लेकर पोषाहार तक में भारी अनियमितता मिली है। बीडीओ ने इस बाबत कार्रवाई के लिए लिखा है।
विदित हो कि गुरुवार को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बगेन में बार-बार शिकायत मिलने के बाद प्रखंड विकास पदाधिकारी बलवंत कुमार पांडेय दलबल के साथ विद्यालय की जांच को पहुंचे। जहां सर्वप्रथम जांच के दरम्यान साफ-सफाई की भारी गड़बड़ी देखी गई। जो कभी भी महामारी का रुप ले सकता है। इसके बाद बच्चों की उपस्थिति और दिये जा रहे भोजन का निरीक्षण किया गया। जिसमें अनियमितता की सारी हदें पार थी। एक तरफ जहां 85 के बजाए महज 45 बच्चे उपस्थित थे। वहीं, सुबह की सब्जी दोपहर के भोजन में दिया जा रहा था। जो काफी घटिया किस्म का था। जांच के बाद चलने के समय बीडीओ के उपर कुछ अनहोनी घटनाएं भी घटित हुई। जो वे समाचार के मार्फत सूचित नहीं करना चाहते। इस बाबत प्रखंड विकास पदाधिकारी बलवंत कुमार पांडेय ने बताया कि उक्त विद्यालय के जांच के दौरान व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी पाई गई है। जिसके खिलाफ जांच के बाद कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जायेगी। दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जायेगा।