एक साथ जली आठ चिताएं
अकोढ़ीगोला (रोहतास) : प्रखंड के मुड़ियार पंचायत के लिए मंगलवार का दिन काला दिन बनकर आया। जब गांव के ही किनारे पुराने श्मशान घाट पर एक साथ आठ चिताएं सजायी गई। गांव के बच्चे-बूढे़, जवान सभी आंखों में आंसू लिये तीन महिला समेत आठ लोगों के अंतिम संस्कार में शरीक हुए। उपस्थित लोग गांव के लिए इसे काला दिन बता रहे थे। ईद के बावजूद अंतिम संस्कार में मुस्लिम समुदाय के लोग भी शामिल थे। सभी के आंखों से आंसू छलक रहे थे। कोई मृतक नरसिंह चंद्रवंशी के सामाजिक योगदान की चर्चा कर रहा था, तो कोई दीपक की चंचलता व बातुनीपन की। कई लोग मृत दोनों बहन रंजू व मंजू देवी की चर्चा व उनके बच्चे कैसे रहेंगे इसकी चर्चा कर रहे थे। गांव के विरेंद्र पासवान, महेंद्र पासवान का कहना था कि इस घटना ने मानों गांव की खुशियां ही छीन ली। इस गांव के श्मशान घाट भी मंगलवार की ऐसी घटना का गवाह बन गया है, जहां एक साथ आइ चिताएं जली। पंचायत समेत प्रखंड के कई जगहों के लोग भी अंतिम संस्कार में शामिल थे।