बक्सर से गंगाजल लेकर रोहितेश्वर धाम पहुंचे कांवरिया
संवाद सूत्र, नौहट्टा (रोहतास) : सावन की तीसरी सोमवारी को रोहतास कांवरिया संघ संयोजक रमेश चौरसिया के नेतृत्व में बक्सर से गंगाजल लेकर आए 153 कांवरियों के जत्था ने रोहितेश्वर धाम पर जलाभिषेक किया। इनके अलावे बिहार, झारखंड के सैकड़ों कांवरियों के अलावे स्थानीय श्रद्धालु भी बांदू दशशीषानाथ महादेव के पास से सोननद का जल ले 15 किमी दूरी तय कर रोहितेश्वर धाम पहुंचे। बक्सर से गंगाजल लाकर जलाभिषेक करने वाले उमा सिंह, धनंजय चौधरी, संजय माली, धनंजय गुप्ता ने कहा कि बक्सर से रोहितेश्वर धाम की दूरी 102 किमी है। जल लाने के क्रम में कांवरिया अकबरपुर बक्सर, मुरादाबाद, सूर्य मंदिर रामडिहरा में रात्रि पड़ाव डालते हुए रविवार की रात गायत्री शक्ति पीठ रोहतास में विश्राम किए। आज सुबह बांदू से जल लेकर आने वाले कांवरियों के साथ 1985 फीट की ऊंचाई पर अब स्थित रोहितेश्वर महादेव को जल चढ़ाया गया। हर-हर महादेव के नारों से कैमूर पहाड़ी गुंजायमान हो रही थी।