अब छोटे विवादों को ले नहीं लगाना पड़ेगा कोर्ट का चक्कर
संवाद सूत्र, अकोढ़ीगोला (रोहतास) : अब पारिवारिक एवं छोटे-छोटे विवादों को लेकर लोगों को कोर्ट का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। स्थानीय पुलिस ऐसे मामलों का निपटारा थाना स्तर से ही करेगी। इसके लिए पंचायत प्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता व चौकीदारों के माध्यम से पुलिस लोगों को सूचना पहुंचा रही है। थानाध्यक्ष संजय झा ने बताया कि थाना क्षेत्र में प्रतिदिन आपसी पारिवारिक व भूमि विवाद व छोटे मोटे अन्य विवादों को लेकर लोग थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने आते हैं। जानकारी के अभाव में वर्षो न्यायालय का चक्कर लगाते हैं। थोड़ी सी समझदारी से काम नहीं लेने के कारण लोग भाईचारे को दुश्मनी में बदलते जा रहे हैं। इस प्रवृत्ति से समाज में कटुता बढ़ रही है। अब ऐसे विवादों को थाना स्तर पर समाप्त किया जाएगा। ताकि लोगों के बीच भाईचारा बना रहे। दोनों पक्षों को थाने लाकर प्रेमपूर्वक मामले का निष्पादन किया जाएगा। मुखिया सिकंदर यादव, निजाम हुसैन, बीस सूत्री अध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी समेत अन्य प्रतिनिधियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।