विवादित भूमि पर उभरे तनाव का पटाक्षेप
संवाद सूत्र, चेनारी (रोहतास) : स्थानीय काली स्थान के समीप नहर पुल के सामने विवादित भूमि की जुताई को ले बुधवार को दो पक्षों में विवाद गहरा गया। हालांकि पुलिस प्रशासन की तत्परता से विवाद का पटाक्षेप कर दिया गया है। सूचना मिलते ही सीओ प्रवीण कुमार सिन्हा व प्रभारी थानाध्यक्ष विनोद कुमार द्वारा दल बल के साथ मौके पर पहुंच एक पक्ष के छेदी पासवान व दूसरे पक्ष के मुमताज अंसारी को थाने लाया गया। इसी बीच एसडीपीओ नागेंद्र कुमार सिंह भी थाने पहुंच गए।
बताया जाता है कि उक्त भूमि को लेकर मामला न्यायालय में चल रहा है। आज छेदी पासवान द्वारा उक्त भूमि की जुताई कराने की जानकारी मिलने पर दूसरे पक्ष के मुमताज अंसारी ने वहां पहुंच अपना विरोध जताया जिसे लेकर तनाव उत्पन्न हो गया। एसडीपीओ ने दोनों पक्षों को न्यायालय का फैसला आने तक उक्त भूमि से दूर रहने की सख्त हिदायत देते हुए जोत कोड़ पर रोक लगा दी। उन्होंने थाने में ही दोनों पक्षों से उक्त जमीन पर न जाने संबंधी शपथ पत्र भी भरवाया। दोनों पक्षों ने कोर्ट फैसले का इंतजार करने पर सहमति जता दी है।