पुलिसिया बेटवा के मार देलस ए भइया
संवाद सूत्र, डेहरी-आन-सोन : पुलिसिया बेटवा के मार के दुआरे पर फेंक देलसन ए भईया। डालमियानगर के प्रयाग विगहा निवासी मृत टेंपू चालक सुनिल कुमार यादव की मां शव के पास दहाड़ मार रो रही थी। पीड़ित परिजनों को सांत्वना देने पहुंच लोगों की आंखे भी छलक गई। प्रयाग बिगहा के लोगों में काफी आक्रोश है। इस घटना को ले गुरुवार को लोग सड़क पर उतर आए थे। दहाड़ मार रही माता को लोग समझाने का प्रयास कर रहे हैं। स्थिति हृदय विदारक बनी हुई है। कमाऊ बड़े पुत्र की मृत्यु से आहत पिता राजा राम बूत बनकर एक टक शून्य में निहार रहे हैं। इस घटना से पूरा परिवार गम में डूबा है। गांव में मातम छाया हुआ है। थानाध्यक्ष पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज होने के बाद परिजन इस घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग कर रहे हैं। परिजनों की मानें तो पुलिस अगर अमानवीय नहीं हुई होती तो यह घटना नहीं घटती। इसके लिए सरकार व नेताओं को भी लोग कोसते रहे। कहा कि पहले भी इस तरह की घटना घटित होती रही है। बावजूद पुलिस अपना व्यवहार नहीं बदली। वरीय अधिकारी ठोस कार्रवाई करने से बाज आते रहे।