दहेज को ले विवाहिता की हत्या
संवाद सूत्र, राजपुर (रोहतास) : बघैला थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में दहेज को ले बुधवार की रात जहर देकर एक महिला की हत्या कर दी गई। मृतका नीलम देवी (28 वर्ष) अनिल गुप्ता की पत्नी बताई जाती है। मृतका के पिता के बयान पर पति समेत तीन के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी गुरुवार को दर्ज की गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार इंद्रपुरी थाना क्षेत्र के नारायणपुर निवासी लखन साह ने अपनी पुत्री नीलम की शादी सुल्तानपुर निवासी नथुनी साह के पुत्र अनिल के साथ की थी। शादी के बाद से ही पति पैसा मांगने के लिए पत्नी पर दबाव बना रहा था। पैसा नहीं मांगने पर मारपीट करते रहता था। बाद में पत्नी को लेकर बनारस चला गया था। वहां भी अक्सर मारपीट करता रहता था। बुधवार को उसके खाने में जहर मिला उसकी हत्या कर दी गई। थानाध्यक्ष विवेक राज ने बताया कि इस संबंध में पति के अलावे नथुनी साह, भसुर पन्ना लाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस घटना की छानबीन शुरू कर दी है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
-----------------
प्रताड़ना के आरोपी पति गया जेल
संवाद सूत्र, राजपुर (रोहतास) : बघैला थाना के सुल्तानपुर गांव में प्रताड़ना के आरोपी पति संतोष चौधरी को पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को जेल भेज दिया। थानाध्यक्ष विवेक राज ने बताया कि पत्नी पूनम देवी ने पति के खिलाफ थाना में प्रताड़ना की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसके बाद पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।