गम भरे माहौल में मनाया गया मोहर्रम
जागरण संवादाता, डेहरी आन-सोन (रोहतास): मोहर्रम शुक्रवार देर रात गम भरे माहौल में गुजर गया। लोगों ने मुख्य बाजार में ताजिये रखे और करबला के शहीदों को याद किया। मोहर्रम कमेटियों द्वारा प्रशासनिक पुलिस पदाधिकारियों को सम्मानित किया।
शहर के सदर चौक, ईदगाह मुहल्ला, नील कोट, शिवगंज, इस्लामगंज, न्यू डिलिया, बारह पत्थर, जक्खी बिगहा से बीती रात ताजिये मुख्य बाजार स्थित बारह पत्थर मोड पर पहुंचे। जहां युवकों ने बाना, बनेठी, भाला, बरखी, ढाल, पत्थर आदि परम्परागत अस्त्रों से युद्ध कला का प्रदर्शन किया। करतब दिखाकर करबला के जंग का मंजर पेश किया। सदर चौक मिल्लत कमेटी (अखाड़ा) नम्बर एक द्वारा सदर चौक पर ताजिये के निर्माण में लगे कलाकारों को पूर्व विधायक सत्य नारायण यादव, राजद युवा जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, भाजपा वाणिज्य मंच के जिलाध्यक्ष मुन्ना बसेरा, नप मुख्य पार्षद शंभू राम, हाजी नेयाज द्वारा सम्मानित किया गया। कयामुद्दीन खां की शहादत में आयोजित समारोह में मौके पर नसीम अहमद, मखदुम खां, बाबु भाई आदि मौजूद थे। संचालन बब्लु खान ने किया। वहीं सेंट्रल मोहर्रम कमेटी द्वारा एएसपी अभय कुमार लाल, एएसपी (अभियान) मो. सुहैल, एसडीएम मो. शाहीद, थानाध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह समेत शहर के कई गणमान्य लोगों को पगड़ी दे सम्मानित किया गया। मौके पर उपस्थित पूर्व विधायक समेत अधिकारियों ने डेहरी को साम्प्रदायिक सद्भाव की मिसाल शहर बताया। जिसे बरकरार रखने का संकल्प लोगों ने दुहराया।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर