असमाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई का आदेश
कार्यालय प्रतिनिधि, छपरा : दुर्गा पूजा के अवसर विधि- व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने शुक्रवार को समाहरणालय के सभागार में बैठक की। बैठक में जिले के सभी प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने थानावार विधि- व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने दुर्गा पूजा के अवसर पर विधि व्यवस्था कायम रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आदेश दिए। डीएम ने कहा कि असमाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाए। अगर कोई विधि- व्यवस्था में अवरोध पैदा करता है तो उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। उपद्रवियों को चिन्हित कर उसके विरुद्ध पहले से ही संज्ञान लेने की कार्रवाई की जाए ताकि विधि- व्यवस्था कायम रहे। उन्होंने कहा कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के विरुद्ध छापामारी अभियान चलाया जाए। दुर्गा पूजा को देखते हुए पूर्व से चिन्हित स्थानों पर पर्याप्त संख्या में फोर्स की तैनाती की जाए। सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए। डीएम ने जिले के सभी अंचल अधिकारियों, प्रखंड विकास अधिकारियों तथा थाना प्रभारियों से एक-एक बिन्दु पर वार्ता की और कई सख्त निर्देश दिए। सुबह साढ़े दस बजे से लेकर शाम छह बजे तक लगातार विधि -व्यवस्था को लेकर बैठक होती रही। जब विधि व्यवस्था की बैठक समाप्त हुई तो उसके बाद मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण की समीक्षा करने के लिए बैठक हुई। जिसमें जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कई अति आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में एसपी वरुण कुमार सिन्हा, उपविकास आयुक्त रमण कुमार, अपर जिलाधिकारी कामेश्वर शुक्ला, डीटीओ श्याम किशोर, डा.कौशलेन्द्र सिंह, राजेन्द्र मंडल, संजय कुमार वर्मा, कुमार विनोद, श्वेता मिश्रा, एएसपी रवीन्द्र कुमार, एसडीएम सदर कयूम अंसारी, एसडीएम मढ़ौरा मनीष शर्मा, एसडीएम सोनपुर राहुल कुमार सहित जिले के सभी पुलिस अधिकारी, सभी अंचल अधिकारी तथा प्रखंड विकास अधिकारी मौजूद थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर