दहेज के लिए विवाहिता की हत्या
जागरण संवाददाता, सासाराम : मुफस्सिल थाना क्षेत्र के धनकाढ़ा गांव में रविवार को एक विवाहिता की दरिंदों ने हत्या कर दी। कसूर सिर्फ इतना कि ससुराल वालों को दहेज में स्वर्ण आभूषण व भैंस नहीं मिली थी। दहेज की बलिवेदी पर चढ़ा दी गयी सीमा देवी के पिता पेबंदी (चेनारी) निवासी वंश नारायण यादव ने मुफस्सिल थाना में सोमवार को दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। मुफस्सिल थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार के अनुसार प्राथमिकी में पति श्रीनिवास यादव, ससुर अमरनाथ यादव व सास लक्ष्मीना देवी को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। पिता के अनुसार दो साल पहले उनकी बेटी की शादी हुई थी। पिछले कई माह से उनकी बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। आर्थिक तंगी के कारण वे अपनी बेटी के ससुराल वालों की मांग पूरी नहीं कर पा रहे थे। अंतत: दहेज लोभियों ने उसे मौत की नींद सुला दिया। थानाध्यक्ष के अनुसार फिलहाल किसी भी नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर