प्रधानाध्यापक का फूंका पुतला
पूर्णिया। भवानीपुर प्रखंड के बिरंची मंडल हाई स्कूल में प्रधानाध्यापक द्वारा अवैध वसूली, छात्रवृत्ति
पूर्णिया। भवानीपुर प्रखंड के बिरंची मंडल हाई स्कूल में प्रधानाध्यापक द्वारा अवैध वसूली, छात्रवृत्ति में भारी घोटाला, राशि लेकर रसीद नहीं देने को लेकर एक ओर जहां छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों ने प्रधानाध्यापक मो. इजहार का पुतला भी दहन किया। घटना की खबर पाकर मौके पर बीडीओ अवतुल्य कुमार आर्य एवं थानाध्यक्ष अमर कुमार अमर सहित स्थानीय गणमान्य पहुंचे तथा छात्रों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस अवसर पर बीडीओ अवतुल्य कुमार आर्य ने बताया कि प्रधानाध्यापक द्वारा भारी अनियमितता उजागर हुई है। बच्चों से अवैध उगाही को लेकर बच्चे उग्र हुए थे। प्रधानाध्यापक को अवैध वसूली गई रशि को तत्काल लौटाने को कहा गया है। इसकी रिपोर्ट जिला अधिकारी को सौंपी जाएगी। घटना के बारे में बच्चों ने बताया कि पिछले तीन दिनों से परीक्षा फीस के नाम पर उनसे अनाप-शनाप राशि उगाही की जा रही थी अन्यथा परीक्षा में बैठने नहीं दिया जा रहा था। वे जब राशि के बदले रसीद मांग करने लगे तब प्रधानाध्यापक उनसे नाराज हो गये। इसी को लेकर हंगामा किया गया। इस संबंध में मंतो कुमारी, रूची कुमारी, प्रियंका, प्रतिमा, अमृता कुमारी, शांति कुमारी, सज्जन कुमारी, कुलदीप कुमार, पवन कुमार आदि ने बताया कि प्रधानाध्यापक मो. इजहार परीक्षा फीस के नाम पर हमेशा ही यहां उनसे अवैध उगाही करते रहते हैं, वे स्कूल आते भी हैं तब भी अनुपस्थिति दंड लगा देते हैं। कभी भी रसीद नहीं दिया जाता है। वे लोग काफी गरीब छात्र हैं, किसी प्रकार अपनी पढ़ाई जारी रख पर रहे हैं। प्रधानाध्यापक सत्र 2015-17 के 81 बच्चों की छात्रवृति अभी तक नहीं दिए हैं। जबकि वे राशि का उठाव कर चुके हैं।