मौसम की बेरूखी पर भारी पड़ा मतदाताओं का जज्बा
पूर्णिया। छिटपुट विवाद के साथ पंचायत चुनाव 2016 के द्वितीय चरण का मतदान बायसी अनुमंडल के डगरूआ प्रखं
पूर्णिया। छिटपुट विवाद के साथ पंचायत चुनाव 2016 के द्वितीय चरण का मतदान बायसी अनुमंडल के डगरूआ प्रखंड में शांतिपूर्ण संपन्न हुआ। दिन भर की चिलचिलाती धूप में भी मतदाताओं का मतदान करने का जज्बा कम नहीं हुआ। कहीं 70 फीसद तो कहीं 80 फीसद तो किसी-किसी बूथ पर इससे भी अधिक मतदान हुआ। कोहिला पंचायत के बूथों पर अचार संहिता का उल्लंघन करते हुए पुलिस के सामने बूथ पर मोटर साइकिल खड़ी की गई। एक प्रत्याशी के करीब आधा दर्जन बाईक बूथ पर आते -जाते रहे। लगभग सभी बूथों पर महिला मतदाताओं की संख्या पुरूष मतदाता की संख्या में अधिक थी। बूथ न. 481 में कुल मतदाता 291 में पुरूष मतदाता 142 एवं महिला मतदाता 149 है। बूथ न. 227 में पुरूष मतदाता 282 है तो महिला मतदाता 280 इस क्षेत्र के अधिकांश बूथ पर महिला एवं पुरूष मतदाता की संख्या औसतन यही है। जिन मतदान केन्द्र पर महिला मतदाताओं संख्या अधिक है उन मतदान केन्द्रों पर कहीं 76 तो कहीं 80 फीसद मतदान हुआ। बुआरी पंचायत के मतदान केन्द्र सं. 141 पर मतदान के लिए लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा। यह बूथ आंगनबाड़ी केन्द्र में बनाया गया था। बूथ पर मतदाताओं की संख्या अधिक रहने के कारण मतदान कर्मी एवं मतदाताओं को कठिनाई का सामना करना पड़ा। कमरे के अन्दर भीषण गर्मी रहने के कारण कई मतदाता घंटे पर इन्तजार के बाद उल्टे पांव घर लौट जाना पड़ा। बूथ पर धूप से बचने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। कहीं-कहीं शामियाना की व्यवस्था प्रत्याशियों द्वारा की गई थी। मकैली पंचायत के बैलगच्छी मध्य विद्यालय बूथ पर पंचायत समिति प्रत्याशी के विवाद के कारण कुछ देर के लिए मतदान बाधित हो गया। मनरेगा भवन कंट्रोल रूम के रूप में काम कर रहा था। जहां एसडीओ सुनिल कुमार, डीएसपी सुनिता कुमारी व अन्य अधिकारी द्वारा मतदान केन्द्रों की स्थिति का जायजा लिया जाता रहा। बूथ पर किसी प्रकार की अशांति की सूचना मिलते ही अधिकारी एवं पुलिस बल का दस्ता उन बूथ पर पहुंच जाती थी। थानाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारियों के पहुंचने के बाद मामला शांत कराया गया। मतदान केन्द्र पर दिन भर मेला का माहौल देखा गया। प्रखंड के सभी पंचायत में अलग-अलग पुलिस अधिकारी को प्रतिनियुक्त किया गया था।