पूर्णिया पूर्व के फर्जी 207 लाभुकों ने लौटाये राहत के रुपये
पूर्णिया पूर्व(पूर्णिया), संस : प्रखंड क्षेत्र में 21 अप्रैल को आई भीषण आंधी-तूफान के पीड़ित परिवारों
पूर्णिया पूर्व(पूर्णिया), संस : प्रखंड क्षेत्र में 21 अप्रैल को आई भीषण आंधी-तूफान के पीड़ित परिवारों के लिए राहत राशि में 14 पंचायतों में 10 पंचायत के 207 फर्जी लाभुकों ने 12 लाख 600 रूपये वापस कर दिए हैं। पूर्णिया पूर्व में कुल 15,463 प्रभावित परिवारों की गणना की गई थी। जिसके लिए कुल रकम 8 करोड़ 96 लाख 85 हजार 400 रूपये आवंटित किए गए थे। जिसमें 15,257 पीड़ित परिवारों के बीच 8 करोड़ 84 लाख 90 हजार 600 रूपये वितरण किया गया था। बाद में मुआवजा राशि वितरण में धांधली की शिकायत के बाद जांच टीम गठित कर फिर से जांच कराई गई तथा गलत लाभ लेने वालों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। जिसके भय से प्रखंड के 207 फर्जी लाभुक जो गलत तरीके से मुआवजा राशि का उठाव कर लिया था उन लोगों ने रकम लौटा दी है। जिससे सरकारी खजाने में 12 लाख 600 रूपये की वापसी हुई। जिसमें प्रखंड के रजिगंज पंचायत से 17, लालगंज से 16, वीरपुर से 3, रामपुर से 7, डिमिया छतरजान से 8, महाराजपुर से 32, कबैया से 3, विक्रमपुर से 8, चांदी से 104 तथा सिकंदरपुर से 9 लोगों ने मुआवजा राशि लौटाई है। अंचलाधिकारी, पूर्णिया पूर्व अनिल कुमार ने बताया कि जांच का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है। जांच के बाद पीड़ित परिवारों के बीच अनाज का वितरण किया जा रहा है। जिसमें भोगा करियात, हरदा, डिमिया छतरजान, गौरा, रामपुर और कबैया पंचायत में वितरण कार्य शुरू है। शेष पंचायतों में भी अनाज वितरण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया चल रही है।