अनुबंध-मानदेय नियोजित सेवाकर्मियों ने मांगों के समर्थन में किया प्रदर्शन
पूर्णिया,जागरण संवाददाता : बिहार राज्य अनुबंध-मानदेय नियोजित सेवाकर्मी संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान म
पूर्णिया,जागरण संवाददाता : बिहार राज्य अनुबंध-मानदेय नियोजित सेवाकर्मी संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में सोमवार को कार्यालय कर्मी व शिक्षकों ने अपने-अपने संस्थानों में कार्य का बहिष्कार किया तथा बिहार बंद कार्यक्रम के तहत प्रदर्शन किया। यह आंदोलन राज्य कमेटी के निर्णय पर किया गया। अपनी सात सूत्री मांगों के समर्थन में कर्मियों ने रंगभूमि मैदान से प्रदर्शन निकला तथा गिरजा चौक, आरएन साह चौक होते हुए समाहरणालय मार्ग से गुजरते हुए थाना चौक पहुंचे जहां सभा का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शन में मुख्यरुप से बिहार नगर-पंचायत प्रारंभिक शिक्षक संघ, बिहार राज्य मध्याह्न भोजन योजना कर्मचारी संघ, बिहार आईटी सेवा संघ ,बिहार राज्य एड्स कंट्रोल कर्मचारी संघ, बिहार राज्य महिला सामाख्या कर्मचारी संघ, बिहार राज्य सांख्यिकी स्वयं सेवक संघ, बिहार राज्य दैनिक भोगी एवं मौसमी कर्मचारी संघ,बिहार शिक्षा परियोजना परिषद इम्पलाइज यूनियन, बिहार नियोजित माध्यमिक व उच्चमाध्यमिक शिक्षक संघ के कर्मी व शिक्षकों ने प्रदर्शन में भाग लिया। प्रदर्शन का नेतृत्व महासंघ गोप गुट अरविन्द कुमार सिंह, अशोक कुमार मिश्र ,बिहार राज्य अनुबंध-मानदेय नियोजित सेवाकर्मी संयुक्त मोर्चा का पवन कुमार जायसवाल, तारिक नसर आदि कर रहे थे। इस मौके पर धीरेन्द्र कुमार, दीपक कुमार पांडेय, अखिलेश कुमार , अरविन्द कुमार ,मनमोल यादव, सुनिता कुमारी, मनोहर कुमार आदि मौजूद थे।
प्रमुख मांग
-मानदेय व नियोजन नीति को समाप्त कर सभी पद नियमित किया जाए
-समान काम के लिए समान वेतन की हो सुविधा
- भयादोहन व दमन पर लगाई जाए रोक
-रोजगार की सुरक्षा की हो गारंटी
-नियत वेतन व मानदेय का ससमय भुगतान की हो व्यवस्था
-ठेका-मानदेय पर बहाल कर्मियों को भी ट्रेड यूनियन का अधिकार मिले।