20 लाख की लागत से बनेगा जनप्रतिनिधि भवन : डा. जायसवाल
बड़हरा कोठी (पूर्णिया), संस : प्रखंड मुख्यालय स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में रविवार को त्रिस्तरीय
बड़हरा कोठी (पूर्णिया), संस : प्रखंड मुख्यालय स्थित सरस्वती शिशु मंदिर परिसर में रविवार को त्रिस्तरीय जनप्रतिनिधियों की बैठक प्रखंड प्रमुख नीलम देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधान पार्षद डा. दिलीप कुमार जायसवाल एवं विशिष्ट अतिथि बनमनखी प्रखंड प्रमुख कविता एवं लादूगढ़ ग्राम पंचायत के मुखिया पूनम देवी थी। बैठक में उपस्थित समिति सदस्य, ग्राम पंचायत के मुखिया एवं वार्ड सदस्यों को मुख्य अतिथि ने संबोधित करते हुए जनप्रतिनिधियों के सम्मान एवं मानदेय पर चर्चा करते हुए वर्तमान सरकार की नाकामी और गलतियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अब वक्त आ चुका है जनप्रतिनिधियों का आंदोलन करने का। बैठक में उन्होंने पार्षद निधि से प्रखंड परिसर में 20 लाख की लागत से जनप्रतिनिधियों के लिए एक भवन बनाने की घोषणा की। कहा कि इस भवन के बन जाने से जनप्रतिनिधियों को बैठने और आपसी विचार विमर्श करने में परेशानी नहीं होगी। प्रखंड प्रमुख नीलम देवी एवं बनमनखी प्रखंड प्रमुख कविता देवी ने भी जनप्रतिनिधियों को संबोधित किया। पुन: विधान पार्षद ने किशनगंज के मेडिकल कॉलेज में बीकोठी प्रखंड क्षेत्र के लाचार, बीमार लोगों का मुफ्त इलाज कराने की बातों को भी विस्तार पूर्वक बताया और तमाम जनप्रतिनिधियों को मुफ्त इलाज हेतु कूपन दिया गया। उन्होंने बताया कि इस कूपन के माध्यम से दो लाख रूपए तक खर्च का इलाज मुफ्त हो सकता है। बैठक में मुख्य रूप से शिव कुमार यादव, मुखिया प्रमोद कुमार यादव, विवेक कुमार उर्फ ललटू यादव, उप प्रमुख मनीषा भारती, विनोद कुमार पासवान, विनोद कुमार दास, आलोक कुमार के अलावे तमाम जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।