ताला तोड़कर विद्यालय से चावल व बर्तन की चोरी
पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया) संस: पूर्णिया पूर्व प्रखंड कार्यालय से सटे स्थित मध्य विद्यालय से गुरुवार
पूर्णिया पूर्व (पूर्णिया) संस: पूर्णिया पूर्व प्रखंड कार्यालय से सटे स्थित मध्य विद्यालय से गुरुवार की रात चोरों ने रूम का ताला तोड़कर मध्याह्न भोजन का 6 बोरी यानी तीन क्विंटल चावल व भोजन पकाने वाला सारा बर्तन चोरी कर लिया। अवकाश के बाद शुक्रवार को जब प्रधानाध्यापक सुशीला लाल दास ने विद्यालय के मुख्य द्वार का ताला खोलकर विद्यालय में प्रवेश किया तो देखा की भवन का ताला टूटा हुआ है और सामान अस्त-व्यस्त है। उन्होंने तुरंत प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी नगर दिनेश प्रसाद दिनकर तथा विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष सह पार्षद पवन कुमार भगत को इस घटना की सूचना दी। तब प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी के आदेश पर सदर थाना में घटना की प्राथमिकी दर्ज करने हेतु आवेदन दिया। इसकी जाच करने पहुंचे सदर थाना के पुअनि दिनेश चन्द्र झा ने मामले की छानबीन की। विद्यालय शिक्षा समिति के अध्यक्ष पवन कुमार भगत ने बताया कि इससे पूर्व भी इस विद्यालय में कई बार चोरी हो चुकी है। जबकि तीन साल पूर्व प्रखंड मुख्यालय में रात्रि प्रहरी के रूप में होम गार्ड नियुक्त थे, परंतु आज प्रखंड मुख्यालय वीरान है। जिससे रात में यहा पर अपराधियों तथा चोरों का बोलबाला रहता है। ज्ञात हो कि पूर्व में विद्यालय के पीछे मिट्टी में दबा कर रखे गये दो हथियार भी बरामद हुआ था, फिर भी पुलिस बेपरवाह दिखाई देती हैं।