बंगला मंडल हत्याकांड में बीस दिन बाद भी नहीं हुई कार्रवाई
पूर्णिया, जागरण संवाददाता : जिले के केनगर थाना अन्तर्गत बनभाग बंगाली टोला में बंगला मंडल की पीट-पीटक
पूर्णिया, जागरण संवाददाता : जिले के केनगर थाना अन्तर्गत बनभाग बंगाली टोला में बंगला मंडल की पीट-पीटकर की गई हत्या मामले में बीस दिन बाद भी अभियुक्तों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि अभियुक्तों की गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में मामले की सुलह के लिए तरह-तरह का दबाव बनाया जा रहा है। धमकाया जा रहा है। इससे उनलोगों की परेशानी और बढ़ती जा रही है।
मालूम हो कि पांच अक्टूबर को बंगला मंडल को उसी गांव के कुछ लोगों ने पीट-पीटकर कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घटना के बाद परिजनों ने इलाज के लिए तत्काल सदर अस्पताल ले गए थे जहां देर रात को उसकी मौत हो गई थी। इस घटना में चौंकाने वाली बात तो यह है कि मृतक के भाई शंभू मंडल से छह अक्टूबर को बयान लिया गया और आठ अक्टूबर को प्राथमिकी दर्ज हुई। इस घटना में संजय मंडल, निर्मल मंडल, शिबु मंडल, हरेन मंडल, गुजू मंडल समेत छह लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं कर रही थी। आक्रोश में ग्रामीणों ने पूर्णिया-धमदाहा मार्ग को जाम कर दिया था। उस समय पुलिस आश्वासन दिया था कि 24 घटे के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा लेकिन बीस दिन बीतने को चले हैं हत्या कांड में शामिल किसी भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस बीच पीड़ित परिवार को अभियुक्तों की ओर से मामले को रफा-दफा करने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि स्थानीय कुछ जनप्रतिनिधियों व थाना के दलालों के माध्यम से इस मामले को सुलह करने के लिए रूपए का भी प्रलोभन दिया जा रहा है। पीड़ित ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से भी की है। इधर पीड़ित परिवार की ओर से सुरेश साह, बिपिन झा एवं बिन्दु प्रकाश झा समेत स्थानीय ग्रामीणों ने कहा है कि बंगला मंडल के अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो थाना का घेराव भी किया जा सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि मामले को सुलह करने के लिए ही पुलिस अभियुक्तों को मौका देने का काम कर रही है।