दो घरों में चोरी, जेवरात समेत लाखों के सामान गायब
पूर्णिया, जागरण संवाददाता : पूर्णिया में एकबारगी चोरी की घटना बढ़ गई है। स्थानीय के हाट थाना के शिवाजी कॉलोनी में चोरों ने एक घर को ताला तोड़कर जेवरात समेत लाखों की चोरी कर ली। इस संबंध में के हाट थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं स्थानीय वधर्ममान हाता में भी चोरों ने ग्रिल तोड़कर हजारों की संपत्ति चुरा ली।
घटना के संबंध में बताया गया है कि बुधवार की रात शिवाजी कालोनी निवासी विनोद कुमार सिंह के घर का ताला तोड़कर चोरों ने जेवरात, नगदी व अन्य सामान समेत करीब पांच लाख की संपत्ति की चोरी कर ली। बताया कि गृह स्वामी कई दिनों से घर से बाहर थे। घर के सभी कमरे बंद थे। बाहर के एक कमरे में गृह स्वामी के रिश्तेदार के बच्चे पढ़ाई के लिए रह रहे थे। सुबह को जब घर का कमरा खुला हुआ था। आलमारी का लॉक भी टूटा था और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। तब उन लोगों ने इसकी सूचना के हाट पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। अनुमान लगाया जा रहा है कि करीब पांच लाख से उपर की संपत्ति गायब कर दिया गया है। वहीं खजांची सहायक थाना के वर्धमान हाता निवासी अरूण कुमार चौधरी के घर मंगलवार की रात ग्रिल तोड़कर चोरों ने हजारों की संपत्ति चोरी कर ली। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। के हाट थानाध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि गृह स्वामी के वापस लौटने के बाद यह पता चल पाएगा कि कितने की चोरी हुई है।