पूर्व मुख्यमंत्री के गांव भी जाएंगे सीएम, प्रशासन तैयार
पूर्णिया, जागरण संवाददाता : बिहार के मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी 10 सितंबर को पूर्णिया पहुंच रहे हैं। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन तैयारी में जुट गया है। मुख्यमंत्री अपने दौरे के क्रम में जिले में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करने के अलावा कई कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वे यहां रात्रि विश्राम भी करेंगे। उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये जा रहे हैं। जिले में जहां-जहां सीएम का कार्यक्रम होना है, उन सभी जगहों का सोमवार को जिला पदाधिकारी राजेश कुमार एवं एसपी अजीत सत्यार्थी ने दौरा कर स्थिति का जायजा लिया तथा सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये जाने का निर्देश अधिकारियों को दिया है।
मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार पूर्णिया आगमन को लेकर प्रशासनिक तैयारी चरम पर है। सुरक्षा को लेकर पुख्ता व्यवस्था किये जा रहे हैं। एसपी अजीत सत्यार्थी ने बताया कि पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के अलावा अधिकारियों की भी नियुक्ति की जा रही है। मंगलवार को संयुक्त आदेश भी जारी कर दिया जायेगा।
मिली जानकारी अनुसार मुख्यमंत्री 10 सितंबर को सुबह 9:40 बजे पटना से हेलीकाप्टर से पूर्णिया के लिए प्रस्थान करेंगे तथा 10:40 में पूर्णिया पहुंचेंगे। यहां पूर्णिया समाहरणालय सभागार में वे 11:30 बजे प्रमंडलीय समीक्षा बैठक में योजनाओं की समीक्षा करेंगे। तत्पश्चात 3.00 बजे वे काझा कोठी में पूर्व मुख्यमंत्री भोला पासवान शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे तथा लाभार्थियों के बीच चेक वितरण करेंगे। फिर वे स्व. शास्त्री के गांव बैरगाछी जाएंगे जहां से प्रस्थान कर वे 4.40 बने बनमनखी में आयोजित नागरिक अभिनंदन समारोह में शिरकत करेंगे। पूर्व जदयू जिलाध्यक्ष आशीष कुमार बब्बू ने बताया कि समाज कल्याण मंत्री लेसी सिंह के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री स्व. शास्त्री के पैतृक गांव बैरगाछी जाने की अनुमति दी है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री को साधुवाद दिया है। श्री बब्बू ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री माझी बनमनखी में नागरिक अभिनंदन समारोह में भाग लेने के बाद लौटने के क्रम में जदयू जिलाध्यक्ष अजय ठाकुर के गांव भोकराहा भी जाएंगे जहां वे उनकी मृत माता को श्रद्धांजलि देंगे। इधर जदयू नेता अमोद कुमार मंडल ने बताया है कि मुख्यमंत्री का रात्रि विश्राम पूर्णिया परिसदन में होगा। रात्रि में भी वे जदयू कार्यकर्ताओं से मिलकर उनका हौसला बढ़ाएंगे। उन्होंने बताया मुख्यमंत्री 11 सितंबर को सवा नौ बजे फिर पटना के लिए उड़ान भरेंगे। उधर सीएम के आगमन को लेकर अंबेडकर विचार मंच की ओर से भी विशेष तैयारी की जा रही है। मंच के अध्यक्ष जिला अध्यक्ष मनोज पासवान ने बताया कि मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए मंच की ओर से व्यापक तैयारी की जा रही है।