सशक्त कमेटी से हटाए जाने पर पूर्व नपं अध्यक्ष ने जताया विरोध
कसबा (पूर्णिया), संस : नपं की सशक्त स्थायी कमेटी से हटाये जाने के विरोध में पूर्व नपं अध्यक्ष सह वर्तमान वार्ड पार्षद रीता साह ने जिला पदाधिकारी को आवेदन सौंप कर हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने यहां न्याय नहीं मिलने पर कोर्ट में जाने की भी बात कही है। पूर्व नपं अध्यक्ष ने इसे बिहार नगर पालिका अधिनियम के विरूद्ध बताया है। उन्होंने जिला पदाधिकारी को पत्र लिखकर कहा है कि नगरपालिका अधिनियम 2007 की धारा 27(ग) के अनुसार मुख्य पार्षद और सशक्त स्थायी समिति के सदस्यों की पदावधि वही होगी जो नगर पालिका के सदस्यों की होगी। लेकिन उन्हें दो वर्ष पश्चात ही मनमानी करते हुए सशक्त कमेटी से हटा दिया जो सरकार के नियमों का उल्लंघन है। वहीं रीता साह ने कहा कि अगर जिलाधिकारी के द्वारा न्याय नहीं मिला तो न्याय के लिए सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट तक जाएंगे। उन्होंने कहा है कि नगर पंचायत में बढ़ रहे मनमानी से जनता में काफी आक्रोश देखा जा रहा है।