परमान नदी का जलस्तर बढ़ने से निचले इलाके में फैलने लगा पानी
अमौर (पूर्णिया), संस : प्रखंड क्षेत्र के परमान नदी का जलस्तर बुधवार को बढ़ जाने से पानी निचले इलाके में फैलने लगा है। वहीं करिया धार का पानी भी आमगाछी पंचायत के कई गांव में पानी घुसने लगा। पंचातय के मुखिया पति विजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि परमान नदी में जलस्तर बढ़ जाने से आमगाछी पंचायत के परतिया, बलवाटोली, गड़हाड़ा, इकरा एवं आमगाछी आदि गांव में पानी घुसने लगा और धान का फसल भी डूब गई है। साथ ही उन्होंने बताया कि गड़हारा कटान, कोलामोहन धार और रानी धार में पानी काफी हो जाने से पंचायत का संपर्क मुख्यालय से भंग हो गया है। वहीं नितेन्द्रर पंचायत के डुमरा, लाल टोली, बलिया टोला, संथाल टोली, बेलगच्छी, नितेन्दर, कन्हरिया आदि गांव के अगल-बगल पानी फैलने लगा। वहीं ढरिया गांव इसी नदी के कटान की चपेट में आ गया और कच्ची सड़क के उपर से पानी बहने लगा। जिसका निरीक्षण अंचलाधिकारी शंभा कुमारी और अंचल निरीक्षक मो. इकबाल के द्वारा किया गया। वहीं मच्छट्ठा पंचायत के परसराई, कोचका चौधरी टोला में पानी घुस जाने से लोगों संपर्क प्रखंड मुख्यालय से भंग हो गया और लोगों पर पानी से चारों ओर से घिर गया है। जिससे एक सहारा नाव है। इसी गांव के बगल में परमान नदी बहती है। वहीं अमौर पंचायत के सिघिंया संथाल टोली सहित अन्य टोला में भी पानी घुस गया है। लोगों ने राहत सामग्री दिलाने की मांग जिलाधिकारी से की है।