बैंक के रवैया से समय पर नहीं मिलता टीएचआर
बायसी (पूर्णिया), संस: बैंक से समय रहते टीएचआर राशि नहीं दिए जाने के कारण सेविकाएं समय रहते टीएचआर वितरण की तैयारी नहीं कर पा रही है। विभाग द्वारा सेविकाओं के लिए सख्त निर्देश है कि टीएचआर वितरण के दिन से एक दिन पूर्व वितरण की सारी सामग्री की खरीदारी कर लेंगे। लेकिन कुछ ही सेविकाएं समय रहते टीएचआर राशन की खरीदारी कर पाती है। इसी हालत में बनगामा पंचायत के पोखरिया स्थित केन्द्र पाया गया। टीएचआर वितरण के दिन डेढ़ बजे तक इस केन्द्र पर राशन का इंतजाम नहीं किया गया था। सेविका ने पूछने पर बताया कि जन वितरण दुकानदार से चावल उधार लेकर केन्द्र पर वितरण के लिए लाया गया है। अन्य सामग्री बैंक से राशि समय पर नही मिलने के कारण केन्द्र पर नही लाया गया है। वही इसी गांव के दूसरे केन्द्र पर लाभुक उल्टे पांव बिना राशन के लौट गए। उस केन्द्र पर सेविका अनुपस्थित थी। सहायिका ने बताया कि सेविका बैंक गई हुई है। राशि मिलने के बाद अनाज की खरीदकर टीएचआर का वितरण किया जाएगा। इस संबंध में सीडीपीओ को जानकारी मिलने के बाद सहायिका को टीएचआर वितरण दूसरे दिन किए जाने का निर्देश दिया गया। हालांकि केवल इसी केन्द्र की यह हालत नहीं है। इस क्षेत्र के कई केन्द्र बैंक द्वारा समय पर राशि नहीं दिए जाने के कारण टीएचआर वितरण की तैयारी समय पर नही कर पाती है। जिससे निर्धारित समय के बाद अनाज का वितरण किया जाता है।
प्राप्त जानकारी अनुसार बायसी स्थित सेंट्रल बैंक एवं आसजा मवैया स्थित कैनरा बैंक में सेविकाओं का खाता खोला गया है। सेविकाओं ने बताया कि बैंक में उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ता है। घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद उन्हें राशि मिल पाती है। जिस दिन टीएचआर का वितरण किया जाता है उसी दिन इसकी राशि के लिए बैंक बुलाया जाता है। जिसके कारण टीएचआर का वितरण में समस्या उत्पन्न होती है। इस संबंध में सीडीपीओ शशिकला सिंह ने बताया कि सेविकाओं द्वारा बार बार कैनरा बैंक की शिकायत की जा रही है। बैंक से राशि निकासी में सेविकाओं को कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। कई बार प्रबंधक को इसमें सुधार के लिए कहा गया है लेकिन अब तक सुधार नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि सेंट्रल बैंक द्वारा भी सेविकाओं को समय टीएचआर की राशि नहीं दिया जाता है जबकि कई दिन पूर्व बैंक को चेक भेजा जाता है। कई बार बैंक द्वारा यह कहकर सेविका को लौटा दिया जाता है कि अब तक चेक क्लीयर नहीं हुआ है, बैंक में राशि नहीं है। बैंक के इस रवैया के चलते सेविकाओं को कठिनाई का सामना करना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वरीय अधिकारी को अवगत कराया जाएगा।