भारत के एक्शन हीरो हैं नरेंद्र मोदी : शत्रुघ्न
राजीव कुमार, पूर्णिया : भाजपा नेता सह सिने स्टार शत्रुघ्न सिन्हा ने मंगलवार को नरेंद्र मोदी को भारत का एक्शन हीरो बताया। अपने चिर-परिचित डायलॉग 'बहुत जान है, बहुत जान है' के साथ वे गढ़बनैली में पूर्णिया संसदीय सीट से भाजपा उम्मीदवार उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह के पक्ष में चुनावी सभा से मुखातिब थे।
शॉटगन के नाम से मशहूर सिने अभिनेता के निशाने पर कांग्रेस थी। निशाना कांग्रेसी सरकार के घोटालों की फेहरिस्त पर था। बिहारी बाबू श्री सिन्हा ने भाषण की शुरुआत में एक शेर पेश किया, 'जाकर कह दो शोलों से, कमल खिलने की तैयारी है जोरों से, बादशाहों के भी फेंके सिक्के हम नहीं लेते, हम लेते भी हैं तो खुद्दारी से।' कहा कि भाजपा का मिशन तो 272 का था, लेकिन लोगों के जोश को देख कर लगता है कि पार्टी को 300 से ज्यादा सीटें मिलेंगी। कहा कि नरेंद्र मोदी का भारत का प्रधानमंत्री बनना तय है। कांग्रेस को लगातार निशाने पर लेते हुए उन्होंने कहा कि कोयला घोटाला, टूजी घोटाला, थ्रीजी घोटाला और अब जीजाजी घोटाला लोगों के सामने है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को 70 से 75 सीटें ही मिलेंगी। तपती धूप में लोगों को डटे देख उत्साहित बिहारी बाबू ने कहा कि उन्हें यह चुनावी सभा नहीं, विजय समारोह लग रहा है। कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश का विकास होगा, पूर्णिया का विकास होगा।
इससे पूर्व सभा को अमौर विधायक सवा जफर, कसबा के पूर्व विधायक प्रदीप दास व पार्टी प्रत्याशी उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह ने भी संबोधित किया।