पाक-चीन नहीं चाहते भारत में मजबूत सरकार बने: सुमो
पूर्णिया, जेएनएन: पाक-चीन और अमेरिका नहीं चाहता है कि भारत में मजबूत सरकार बने ताकि उसका शोषण किया जा सके। नरेंद्र मोदी को पीएम बनने से रोकने के लिए कांग्रेस के अलावा विदेशी ताकतें भी साजिश रच रही हैं। इसलिए आतंकवादियों के निशाने पर मोदी प्रथम स्थान पर हैं। पटना के गांधी मैदान में मोदी को जान मारने की नीयत से ही बम विस्फोट किया गया था। उक्त बातें भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने गुरूवार को पूर्णिया में पूर्व प्रखंड अंतर्गत मझेली गांव एवं श्रीनगर प्रखंड मुख्यालय में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही।
श्री मोदी ने कांग्रेस के राहुल गांधी को नवसिखुआ ड्राइवर बताते हुए कहा कि देश की बागडोर मोदी जैसे अनुभवी एवं परिपक्व हाथों में सौंपें जिन्हें कम से कम 10 साल का राज्य चलाने का अनुभव है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आप 60 साल से सत्ता सौंपते रहे हैं इस बार 5 साल के लिए चाय बेचने वाले गरीब परिवार का बेटा नरेंद्र मोदी को मौका दें, देश की व्यवस्था बदलें। उन्होंने कहा कि महंगाई व भ्रष्टाचार चरम पर है
लेकिन किशनगंज दौरे पर आये राहुल गांधी ने न तो महंगाई के संबंध में कुछ कहा और न ही भ्रष्टाचार पर सख्त रवैया दिखाया। उन्होंने नीतीश कुमार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के सहयोग से ही वे मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे तथा बाजपेयी जी के प्रधानमंत्रीत्व काल में रेल मंत्री बने। लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने भाजपा के साथ ही विश्वासघात किया। पर हाल यह है कि सत्ता से अलग होते ही राज्य में विकास की गति धीमी हो गई, कानून व्यवस्था बिगड़ गयी है तथा आर्थिक मोर्चे पर भी सरकार विफल साबित हो रही है। उन्होंने चुनाव में कांग्रेस एवं जद यू दोनों को सबक सीखाने की अपील लोगों से की। उन्होंने देश में मजबूत सरकार बनाने एवं मोदी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूर्णिया से उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह को जीताने की अपील जनता से की। सभा को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय एवं पूर्व राज्य सभा सांसद एनके सिंह ने भी संबोधित किया। सभा में पूर्णिया से भाजपा प्रत्याशी उदय सिंह उर्फ पप्पू सिंह के अलावा विधायक किरण केशरी एवं अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित थे।