15 दिनों में सुधारें कस्तूरबा गांधी विद्यालय की व्यवस्था: डीएम
पूर्णिया, जागरण संवाददाता: पूर्णिया के नये जिलाधिकारी संजय अग्रवाल ने पदभार संभालते ही अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिये हैं। डीएम ने दूसरे ही दिन जिले के डगरूआ एवं बायसी प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय का औचक निरीक्षण किया जिसमें कई तरह की गड़बड़िया पकड़ी गई। उन्होंने जिले के सभी कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की स्थिति हर हाल में पन्द्रह दिनों के अंदर सुधारने का निर्देश दिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि इस मामले में किसी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। वहीं जिलाधिकारी के निरीक्षण के दौरान डगरूआ प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी अरविंद कुमार जींस एवं टीशर्ट में कार्यालय में पाये गये, जिसको लेकर उन्हें कड़ी फटकार लगाई। जिलाधिकारी ने प्रखंड विकास पदाधिकारी को हर हाल में ड्रेस कोड का अनुपालन करने का निर्देश दिया। बताया जाता है कि जिलाधिकारी संजय अग्रवाल गुरूवार को अपने काफिले से साथ पहले डगरूआ कस्तूरबा गांधी पहुंचे। वहां की स्थिति को देख जिलाधिकारी दंग रह गये। वहां उमस भरी गर्मी में विद्यालय की छात्राएं पसीने से तर बतर थी। जब जिलाधिकारी ने इस संबंध में जानकारी ली तो बताया गया कि विद्यालय में कोई पंखा नहीं है। जिलाधिकारी ने तत्काल पंखा लगाने का निर्देश अधिकारियों को दिया। विद्यालय में पकाये गये भोजन पर भी जिलाधिकारी ने असंतोष जताते हुए इसमें तुरंत सुधार लाने का निर्देश दिया। विद्यालय की छात्राओं ने जिलाधिकारी को बताया की विद्यालय में भोजन मीनू के अनुसार नहीं दिया जा रहा है। छात्राओं ने बताया कि विद्यालय के भोजन में रोटी छात्राओं को नहीं दी जाती है। छात्राओं ने शौचालय की समस्या से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया जिसे तुरंत ठीक करने का निर्देश दिया गया। विद्यालय में छात्राओं की शिक्षकों की कमी की शिकायत को भी जिलाधिकारी ने आन स्पाट निपटारा करते हुए तत्काल एक शिक्षक को वहां पदस्थापित करने का निर्देश दिया। इसके बाद जिलाधिकारी ने बायसी प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में यहां विद्यालय का भवन निर्माण कराये जाने के बाद से आज तक उसकी रंगाई नहीं होने की बात सामने आयी। जिस कारण दिवाल की प्लास्टर झड़ कर गिर रहा था। यहां भी किसी कमरे में बिजली पंखा नहीं लगा हुआ था। जिस कारण छात्राओं को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जिलाधिकारी संजय अग्रवाल ने यहां भी तत्काल पंखा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। यहां के भोजन की व्यवस्था पर भी डीएम ने नाराजगी जताते हुए इसमें तत्काल सुधार लाने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी संजय अग्रवाल ने बताया कि निरीक्षण बाद दो कस्तूरबा गांधी विद्यालय में कई तरह की गड़बड़िया सामने आने के बाद जिले के सभी कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की व्यवस्था को हर हाल में 15 दिनों के अंदर दुरूस्त करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने डगरूआ एवं बायसी कस्तूरबा गांधी विद्यालय के संबंध में बायसी के एसडीओ से एक विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी है ताकि इस दिशा में आवश्यक कदम उठाया जा सके।