स्कूली छात्राओं को पुलिस ने दिए सुरक्षा के टिप्स
पूर्णिया, जागरण संवाददाता :
पुलिस महानिरीक्षक के निर्देश पर महिला थाना पूर्णिया द्वारा आयोजित महिला सशक्तीकरण सभा बुधवार को राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय पूर्णिया में की गई। बैठक की अध्यक्षता करते महिला थानाध्यक्ष श्वेता गुप्ता ने कहा कि महिलाओं के बीच बढ़ रही आपराधिक घटना पर अंकुश लगाने के लिए महिलाओं का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने कहा कि खासकर लड़कियों के बीच बढ़ती आपराधिक घटना समाज के लिए चिंता का विषय है। इस आपराधिक घटना से हम कैसे बचे इसके लिए कुछ सावधानियां अवश्य बरतनी चाहिए। स्कूली छात्राओं को अगर घर देर रात तक लौटना हो तो इसकी जानकारी अपने माता-पिता को अवश्य दें। छात्रा अपने साथ मोबाईल अवश्य रखें। कभी भी अकेले ऑटो में न बैठे। अगर आपके मोबाईल पर कोई युवक अश्लील बातें करता हो या संवाद भेजते हो तो वैसे नम्बर को आप अपने मोबाईल में उस नम्बर को ब्लैक लिस्ट में डाल दें। अपने फोन कॉल को कभी भी छिपाना नही चाहिए। अपने माता-पिता, भाई-बहन को भी ऐसे हरकत के बारे में अवश्य बताएं। अगर आप में कोई इंटरनेट का उपयोग करते हो तो जिसे आप नही जानते हो वैसे व्यक्त से सम्पर्क नही जोड़े। राह चलते अगर कोई आपका फोटो खिचना चाहे तो इससे बचे तथा अपना फोटो या मोबाईल किसी को न दे। ऐसी स्थिति में अपने अभिभावक को बताये। सीधे मेरे मोबाईल पर भी सम्पर्क कर जानकारी दे सकते हैं। आपकी दी गई जानकारी को गोपनीय रखते हुए कार्रवाई भी की जाएगी। महिला थानाध्यक्ष ने मोबाईल नम्बर -8083118333 जारी करते स्कूली छात्राओं को किसी भी कठिनाई आने पर उक्त मोबाईल पर जानकारी देने की बात कही। थानाध्यक्ष ने लड़कियों के पहनावे पर भी प्रश्न उठाते हुए कहा कि आप वैसा ड्रेस नही पहने जो भरकाउ हो। आपकी सुरक्षा के लिए महिला पुलिस तत्पर है। स्कूल की प्रधानाध्यापिका शांति रानी झा ने महिला थानाध्यक्ष व अन्य महिला पुलिस कर्मियों का स्वागत करते हुए इनके इस कदम की सराहना की। प्रधानाध्यापिका ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के दिशा में पुलिस प्रशासन की यह अच्छी पहल है। स्कूली छात्राओं ने भी अपने अपने विचार व्यक्त की। इस मौके पर महिला थाना की सहायक अवर निरीक्षक आरती डे, स्कूल की शिक्षिका किरण कुमारी सिन्हा, सविता कुमारी, सुनिता कुमारी, गजाला प्रवीन, अनिमा कुमारी , अर्पिता चौधरी, मिनाश्वी, ललिमा पाठक, हेमलता कुमारी, सविता कुमारी एवं दशम वर्ग के उर्तीण छात्रा मौजूद थी।