धोती का फंदा बना युवक ने की खुदकशी
बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के दुजरा गोरैया स्थान इलाके में शुक्रवार को एक युवक ने फांसी लगा खुदकशी कर ली।
पटना। बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के दुजरा गोरैया स्थान इलाके में शुक्रवार को एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। धोती का फंदा बनाकर वह बांस से लटका गया। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान 22 वर्षीय राजेश राज उर्फ मोहित के रूप में हुई है।
दुजरा गोरैया स्थान इलाके में महावीर ओझा का घर है। वे पूजा-पाठ कराते हैं। शुक्रवार दोपहर एक बच्चा छत पर जा रहा था, तभी उसकी नजर मोहित के कमरे पर पड़ी। उसने रोशनदान से झांककर देखा तो अंदर मोहित फंदे से लटका दिखा। इसके बाद घरवालों को जानकारी हुई। थानाध्यक्ष मनोज मोहन ने बताया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों ने बताया कि मोहित कुछ दिनों से डिप्रेशन में था। हालांकि डिप्रेशन की वजह घरवाले नहीं जानते। वह किसी से कोई बात नहीं बताता था। मोहित का भाई दिल्ली में नौकरी करता है, वहीं बहन की शादी हो चुकी है।