मौसम ने ली करवट, पारा औंधे मुंह गिरा
मौसम के करवट बदलने से राजधानीवासियों ने शनिवार को गर्मी से काफी राहत महसूस की।
पटना : मौसम के करवट बदलने से राजधानीवासियों ने शनिवार को गर्मी से काफी राहत महसूस की। शनिवार को राजधानी के तापमान में छह डिग्री सेल्सियस का गिरावट दर्ज की गई। शहर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। दिनभर में दो बार बारिश हुई। रविवार को भी मौसम खुशनुमा रहने के आसार हैं।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक शुभेंदु गुप्ता का कहना है कि सूबे का मौसम तेजी से बदल रहा है। कल से प्रदेश में चक्रवात की स्थिति बनी हुई थी, जिसके कारण आज बारिश हुई। बारिश होने के बाद शाम को आकाश साफ हो गया। कल भी इसी तरह की स्थिति बने रहने की उम्मीद है। गया में 34.3 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। भागलपुर में 29.8 एवं पूर्णिया में 32.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। कल भी बारिश होने के आसार हैं। राजधानी में आज 6.2 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।
आज सुबह में जैसे ही लोगों की नींद खुली राजधानी में फुहारें पड़ रही थीं। सुबह आठ बजे तक बारिश होती रही। थोड़ी देर के लिए बारिश रुकी तो लोग घरों से बाहर निकले। फिर 12 बजे के बाद एक बार बारिश शुरू हो गई। हालांकि अपराह्न दो बजे के बाद आकाश पूरी तरह से साफ हो गया। लेकिन वातावरण में नमी बनी रही। हवा में नमी रहने के कारण काफी दिनों बाद शाम को लोगों ने शहर के पार्को में बैठकर ठंडी हवा का आनंद लिया। पिछले एक माह से गर्म हवा बहने कारण लोग खुले में बैठ नहीं पा रहे थे।