तीन क्विंटल चांदी के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
पिछले एक वर्ष से पुलिस को चकमा देकर बिहार से यूपी में चांदी तस्करी करने वाले पांच लोग गिरफ्तार किए गए।
पटना। पिछले एक वर्ष से पुलिस को चकमा देकर बिहार से यूपी में चांदी तस्करी करने वाले पांच लोगों को दानापुर पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तस्करों के पास से समाजवादी पार्टी का झंडा लगा वाहन भी जब्त किया गया है। वाहन की सीट के नीचे तीन क्विंटल चांदी के बिस्कुट सांचा बनाकर भरे थे। इसे यूपी के आगरा ले जाना था। पांचों तस्कर आगरा के रहने वाले हैं। तस्करों का कितने राज्यों में नेटवर्क है और इस गिरोह में कितने लोग शामिल इसकी जानकारी संबंधित थानों से जुटाई जा रही है।
पुलिस को सूचना मिली कि पिछले कुछ दिनों से बाकरगंज से चोरी छिपे चांदी की बिस्कुट तस्कर दानापुर के रास्ते राज्य के बाहर ले जा रहे हैं। एसएसपी मनु महाराज ने दानापुर से गुजरने वाले सभी वाहनों की सघन चेकिंग का निर्देश दिया। शनिवार को चेकिंग के दौरान एक चार पहिया वाहन चेकिंग बूथ के पास रुका, लेकिन जैसे ही पुलिस वाहन के करीब पहुंची चालक वाहन लेकर भागने लगा। पीछा कर दानापुर के तकियापार के पास पुलिस ने वाहन रोकने में सफल रही। वाहन की सामान्य चेकिंग में कुछ नहीं मिला, लेकिन एक सीट के नीचे कुछ रखे जाने का संदेह हुआ। पुलिस ने वाहन के आगे और पीछे की सीट के नीचे देखा तो दंग रह गई। सीट के नीचे चांदी की बिस्कुट के साइज का साचा बनाया गया था। वाहन में एक देसी पिस्टल, नौ जिंदा कारतूस और एक चाकू भी मिला।
आगरा में बेचते थे तस्करी की चांदी
तस्करों का सरगना महेश चन्द्र शर्मा है, जो आगरा सदर थाना क्षेत्र के शाहीदनगर का रहने वाला है। लक्ष्मीकांत दीक्षित, नितिश कुमार, गजेन्द्र कुमार और घनश्याम कुमार आगरा के डौकी थाना क्षेत्र के जनौरा निवासी है। पुलिस की पूछताछ में मालूम हुआ कि सभी तस्कर बाकरगंज से चोरी चुपके सस्ते दर में चांदी खरीदते थे। पुलिस सूत्रों की मानें तो सरगना का सपा के एक नेता से कनेक्शन है। एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि मामले की अभी जांच की जा रही है।