ये हैं राज्यसभा के करोड़पति भाजपा प्रत्याशी, इनपर दर्ज 32 मुकदमे, जानिए...
भाजपा के राज्यसभा व विधान परिषद प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल कर दिए हैं। नामांकन के दौरान दिए गए शपथ पत्र के अनुसार 55 करोड़ की संपत्ति के मालिक राज्यसभा प्रत्याशी गोपाल नारायण सिंह पर 32 मुकदमे लंबित हैं।
पटना। भाजपा के राज्यसभा व विधान परिषद प्रत्याशियों ने अपने नामांकन दाखिल कर दिए हैं। नामांकन के दौरान दिए गए शपथ पत्र के अनुसार 55 करोड़ की संपत्ति के मालिक राज्यसभा प्रत्याशी गोपाल नारायण सिंह पर 32 मुकदमे लंबित हैं।
नामांकन के साथ दिए गए शपथ पत्र के मुताबिक, गोपाल नारायण सिंह के खिलाफ चल रहे मुकदमों में से अधिकांश अवैध खनन से जुड़े हैं। उनपर पत्थरों के अवैध खनन से संबंधित 13 मुकदमे दर्ज हैं। करीब एक दर्जन मामले भूमि से संबंधित हैं। एक मुकदमा तो ठेकेदारी में असंतोषपरद कार्य के लिए दर्ज है।
शपथ पत्र के मुताबिक, गोपाल नारायण सिंह के पास 24.27 करोड़ की जमीन और 1.08 करोड़ की चल-अचल सम्पत्ति है। गाड़ी के नाम पर उनके पास महज एक टाटा इंडिगो है। आधा किलो सोने के जेवरात हैं। उनके पुत्र शैल सिंह के पास बैंक में 15.55 करोड़ और 18.84 करोड़ की चल-अचल सम्पत्ति है। इनके पास पौने दो किलो सोने के जेवरात हैं।
अर्जुन सहनी के पास स्कार्पियो
विधान परिषद प्रत्याशी अर्जुन सहनी के पास एक स्कार्पियो और नकद दस हजार रुपये हैं। एलआइसी में उनके छह लाख जमा हैं। बैंक में 71,898 रुपये जमा हैं।
विनोद नारायण झा पर दो मुकदमे
विधान परिषद प्रत्याशी विनोद नारायण झा के पास बैंक में 20.44 लाख रुपये और उनकी पत्नी मीना झा के नाम से 7.45 लाख रुपये जमा हैं। विनोद नारायण झा के खिलाफ न्यायालय में दो मुकदमे लंबित हैं।