एनएच व गांधी सेतु पर लगा जाम, लोग परेशान
पटना सिटी : तीन दिनों की राहत के बाद शनिवार को एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30
पटना सिटी : तीन दिनों की राहत के बाद शनिवार को एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30 एवं गांधी सेतु पर जाम लग गया। सुबह एवं शाम में सैकड़ों वाहनों की कतार लगी रही। मौसम सुहावना होने के कारण जाम में फंसे यात्रियों की परेशानी कुछ दिखी। जरूरी काम से जाने वालों में वक्त पर पहुंचने की बेचैनी जरूर नजर आई। जगह-जगह तैनात पुलिस कर्मी वाहनों को नियंत्रित करने में लगे रहे। इस जाम के कारण गायघाट स्थित पीपा पुल पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। देर शाम वाहनों को रफ्तार मिल सकी।
वाहनों के ओवरटेक करने, पटना-मसौढ़ी मोड़ के समीप की क्रॉ¨सग समस्या, एनएच पर सड़क किनारे ट्रकों का पड़ाव, पुलिस कर्मियों की कमी आदि कारणों से जाम को बढ़ावा मिलता रहा। गांधी सेतु के पश्चिमी लेन पर ट्रकों तथा मालवाहक वाहनों की कतार लगी रही। पाया संख्या 46 से शुरू हुए पूर्वी लेन के वन-वे में भी वाहनों की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही। एनएच व गांधी सेतु के जाम का असर सम्पर्क की सड़कों पर भी देखा गया। अगमकुआं आरओबी के संकीर्ण चौराहे पर वाहन जाम में फंसे। रात आठ बजे के बाद पीपा पुल पर वाहन सामान्य गति से हाजीपुर की ओर जाते रहे।