विवेक के घर चस्पा हुआ इश्तेहार
मेरिट घोटाले की जांच में जुटी एसआइटी की ने नामजद अभियुक्त के घर चस्पा किया इश्तेहार।
पटना: मेरिट घोटाले की जांच में जुटी एसआइटी की पहुंच से दूर चल रहे नामजद अभियुक्त के खिलाफ एक सफलता मिली। बिहार बोर्ड में कॉपी के टेंडर घोटाले में अहम भूमिका निभाने वाले लालकेश्वर के दामाद विवेक के खिलाफ एसआइटी को इश्तेहार मिल गया। शनिवार को पुलिस ने पाटलिपुत्र के नेहरू नगर में स्थित विवेक के घर फरारी का इश्तेहार चस्पा किया। दूसरी तरफ एसआइटी वैशाली की डीएम रचना से पत्राचार करेगी।
चार राज्यों में विवेक की तलाश
बिहार बोर्ड द्वारा मथुरा प्रिंटिंग प्रेस में 8 करोड़ के टेंडर में खेल कर प्रिंटिंग प्रेस को करीब 3 करोड़ का फायदा कराने में लालकेश्वर के दामाद विवेक की बड़ी भूमिका सामने आई। एसआइटी के हत्थे चढ़े बोर्ड के कुछ कर्मियों ने विवेक का नाम उजागर किया था। नाम उजागर होने के बाद से विवेक फरार हो गया। जबकि एसआइटी ने उसके घर सर्च वारंट लेकर दो बार छापेमारी कर चुकी है। इसके बाद विवेक का लोकेशन यूपी और कोलकाता में मिला था। करीब बीस दिन से विवेक की तलाश में एसआइटी की दो टीम कोलकाता, यूपी, दिल्ली और झारखंड में छापेमारी कर रही है। लेकिन, उसका कोई सुराग नहीं मिल रहा है। एसआइटी ने न्यायालय के समक्ष उसके विरूद्ध इश्तेहार के लिए अनुरोध किया था।
हाजिर न होने पर कुर्की का अनुरोध
एसआइटी के एक अधिकारी की मानें तो फरार तीनों फर्जी टॉपर व दो के अभिभावकों की तलाश की जा रही है। इनके घर एसआइटी पूर्व में ही इश्तेहार चस्पा कर चुकी है। अब सभी फरार आरोपियों के विरूद्ध एसआइटी कुर्की के लिए अनुरोध की तैयारी में जुटी है।
कई सवालों का नहीं मिला जवाब
एसआइटी भले ही मेरिट घोटाले में संलिप्त मुख्य आरोपी से लेकर कई अन्य को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। लेकिन, अभी भी कई ऐसे सवाल है, जिसका जवाब तलाश रही एसआइटी। वीआर कॉलेज का मूल्यांकन केन्द्र किन परिस्थितियों में बदला गया? टेंडर का खेल कब से चल रहा है? बच्चा के कॉलेज के छात्रों का डबल रजिस्ट्रेशन कैसे डबल हुआ?
कोट--------
विवेक के घर पुलिस ने शनिवार को इश्तेहार चस्पा किया। विवेक और फरार अन्य अभियुक्तों की तलाश में एसआइटी छापेमारी कर रही है।
मनु महाराज एसएसपी