'भक्त' चाहते 'प्रभु' को कम मिले सजा, मांग रहे मन्नत
पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह के समर्थक उनके लिए मन्नतें मांग रहे हैं। प्रभुनाथ सिंह हत्या के एक मामले में दोषी करार दिए गए हैं और अदालत उन्हें मंगलवार को सजा सुनाएगी।
सारण [जेएनएन]। महाराजगंज के पूर्व सांसद व राजद नेता प्रभुनाथ सिंह को हजारीबाग की अदालत ने पूर्व विधायक अशोक सिंह की हत्या का दोषी करार दिया है। अदालत मंगलवार को उन्हें सजा सुनाने वाली है। इसे देखते हुए प्रभुनाथ सिंह के समर्थक अपने नेता को बचाने के लिए भगवान से मन्नत मांग रहे हैं।
मालूम हो कि मशरक विधान सभा क्षेत्र के पूर्व विधायक अशोक सिंह की पटना में 1995 बम मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमे पूर्व सांसद प्रभुनाथ सिंह सहित उनके परिवार के चार एवं एक समर्थक को आरोपी बनाया गया था। अदालत द्वारा उन्हें दोषी करार दिए जाने के बाद उनके समर्थकों में मायूसी छा गई है। वे अपने नेता को दोष मुक्त करने एवं सजा से बचाने के लिए भगवान से मन्नतें मांग रहे हैं।
मन्नत मांगने वालों में मुखिया संघ के अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि मन्नत में बहुत शक्ति है। राकेश राय, जितेंद्र सिंह, टुनटुन सिंह, चंदन सिंह व मन्नान खां आदि ने बताया कि उपरी अदालत प्रभुनाथ सिंह को जरूर निर्दोष करार देगी।