बोले सुब्रह्मण्यम स्वामी; राम मंदिर वहीं बनेगा, मुसलमान कहीं और बनाएं मस्जिद
भाजपा सांसद सुब्रह्मण्यम स्वामी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर वहीं बनाया जाएगा। वे पटना में रविवार को 'राम, राम मंदिर एवं हिंदू पुनर्जागरण' पर राष्ट्रीय संगोष्ठी में बोल रहे थे।
पटना [राज्य ब्यूरो]। भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी ने पटना में घोषणा की है कि राममंदिर वहीं बनेगा। समझौता इस बात पर होना है कि मुसलमान मस्जिद कहीं और बनाएं। सरयू नदी पार जाएं या फिर कोई स्थान तलाश लें। स्वामी ने कहा कि वे अगले रामनवमी तक मंदिर निर्माण का काम पूरी तरह से शुरू करा देंगे।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से समझौते की पहल करने पर अपनी पीठ थपथपाते हुए स्वामी ने कहा कि 36 वर्षों से मस्जिद-मंदिर की लड़ाई लडऩे वाले दोनों पक्ष उनके बीच में आने से आहत हैं। उन्होंने कहा, 'मेरा कहना है कि दोनों पक्ष मंदिर-मस्जिद की नहीं, बल्कि जमीन की लड़ाई लड़ रहे हैं। मैं भारतीय संविधान के तहत हिंदुओं के लिए सुप्रीम कोर्ट से अधिकार मांगने गया हूं।'
यह भी पढ़ें: बोले गिरिराज- हिंदू एक हो जायें तो खत्म हो जायेगी सांप्रदायिका, सियासत गर्म
पटना में रविवार को विराट हिंदुस्तान संगम (बिहार शाखा) के 'राम, राम मंदिर एवं हिंदू पुनर्जागरण' पर राष्ट्रीय संगोष्ठी में पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता सुब्रह्मण्यम स्वामी, प्रख्यात चिंतक केएन गोविंदाचार्य और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के निदेशक और वरिष्ठ पत्रकार रामबहादुर राय उपस्थित थे।
कांग्रेस वाले और मुलायम भी कहेंगे जय श्रीराम
स्वामी ने भारतीय संविधान की विभिन्न धाराओं और 2010 में इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा दिए गए फैसले का जिक्र करते हुए कहा कि राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का रास्ता साफ है। सऊदी अरब, इराक, इरान और पाकिस्तान सहित तमाम मुस्लिम देशों में रोजाना दर्जनों मस्जिद तोड़ी और बनाई जाती हैं।
भाजपा नेता ने उम्मीद जताई कि अगले दो महीने में मंदिर निर्माण का रास्ता साफ हो जाएगा। अगले वर्ष रामनवमी तक राम मंदिर निर्माण का पूरा काम शुरू कराएंगे। स्वामी ने कहा कि हिंदू और मुसलमान का डीएनए एक है। आने वाले दिनों में भाजपा इतनी शक्तिशाली हो जाएगी कि कांग्रेसी और मुलायम सिंह भी जय श्रीराम, जय श्रीराम के जयकारे लगाने लग जाएंगे।
राजीव गांधी बनाना चाहते थे राम मंदिर
स्वामी ने विराट हिंदू सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 80 प्रतिशत हिंदू युद्ध नहीं चाहते हैं। लेकिन आज हिंदुओं को मजबूर किया जा रहा है। महाभारत के समय भी पांडवों ने मात्र पांच गांव मांगे थे। लेकिन दुर्योधन ने उसे भी देने से मना कर दिया था। इसके कारण महाभारत का युद्ध हुआ और दुर्योधन की पराजय हुई।
स्वामी ने आगे कहा कि कांग्रेस पार्टी में मात्र एक हिंदू नेता थे राजीव गांधी, जो सच्चे दिल से चाहते थे कि अयोध्या में राम मंदिर बने। उन्होंने दूरदर्शन पर रामायण सीरियल भी शुरू करवाया था, जिसके कारण लोगों के दिल में भगवान राम के प्रति आस्था बढ़ी थी। साथ ही अयोध्या के राम मंदिर का ताला भी तुड़वाया था। उस समय भी सारे कांग्रेसी उनके खिलाफ थे, लेकिन उन्होंने ऐसा किया।
स्वामी ने विवादित ढांचा ढहाने और राम जन्मभूमि पर पूजा शुरू कराने के लिए पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिंह राव और राजीव गांधी के प्रति आभार प्रकट किया।