छात्रा ने फांसी लगा दी जान
पटना। ब्वॉयफ्रेंड की बातों से नाराज छात्रा ने फांसी लगाकर इहलीला समाप्त कर ली। घटना मंगलवार
पटना। ब्वॉयफ्रेंड की बातों से नाराज छात्रा ने फांसी लगाकर इहलीला समाप्त कर ली। घटना मंगलवार सुबह पीरबहोर थाना क्षेत्र के मखनियां कुआं में हुई। मृतका की पहचान मधेपुरा निवासी 21 वर्षीय पूजा कुमारी के रूप में की गई है। पुलिस ने परिजनों को इत्तिला देने के साथ शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष निसार अहमद ने बताया कि ब्वॉयफ्रेंड से थाने में पूछताछ की गई।
मधेपुरा की रहने वाली पूजा करीब एक साल से मखनियां कुआं के नगरनौसा कोठी स्थित एक निजी गर्ल्स हॉस्टल में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती थी। मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे उसने नाश्ता किया और फोन पर बातें करते हुए कमरे में चली गई। कुछ देर बाद उसका ब्वॉयफ्रेंड हॉस्टल आया, लेकिन रजिस्टर में उसका नाम नहीं था, इसलिए हॉस्टल के गार्ड ने उसे पूजा से मिलने नहीं था। इसके बाद वह हॉस्टल के गेट के सामने स्कूटर पर बैठ गया। थोड़ी देर बाद उसकी नजर पूजा की सहेली पर पड़ी। उसने बताया कि पूजा का मोबाइल स्वीचऑफ मिल रहा है। उस लड़के के कहने पर युवती पूजा को बुलाने के लिए हॉस्टल में चली गई। कई बार उसने पूजा के कमरे का दरवाजा खटखटाया पर अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। सहेली ने खिड़की से झांककर देखा तो पूजा का शव दुपट्टे के सहारे पंखे से झूल रहा था। फिर उसने हॉस्टल प्रबंधन को जानकारी दी। पुलिस के सामने पूजा के ब्वॉयफ्रेंड ने संबंधों को स्वीकार किया। उसने बताया कि कुछ दिनों से उनके बीच किसी बात को लेकर नाराजगी चल रही थी। मंगलवार की सुबह बात करते-करते अचानक पूजा गुस्सा हो गई और मोबाइल स्वीचऑफ कर लिया। इसलिए वह मिलने के लिए हॉस्टल में आया था। वहीं उसकी सहेलियों ने बताया कि पूजा उस लड़के से बहुत प्रेम करती थी। कुछ दिन पहले उनके बीच बातचीत बंद हो गई। पूजा एक सहेली के साथ महावीर मंदिर गई थी, जहां प्रेमी से बात शुरू होने की मन्नत मांगी और मंदिर का 105 बार फेरा लगाया था। संयोगवश हॉस्टल लौटने के क्रम में उसके प्रेमी ने मोबाइल पर कॉल कर दी, जिसके बाद वह काफी खुश थी।