मुंबई में बार-डांस, दिल्ली में कोठा...भटककर लड़की पहुंची बिहार
बिहारशरीफ में एक लड़की सड़क किनारे बेहोशी की अवस्था में मिली, लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। अस्पताल में होश आने के बाद वो चीख उठती है। मुंबई दिल्ली का नाम नहीं सुनना चाहती ।
पटना [वेब डेस्क]। मुंबई की रहनेवाली नीतू आजकल बिहार के नालंदा में रह रही है। वह यहां के सदर अस्पताल में बेहोश है औ उसे जब भी होश आता है तो वह मुंबई और दिल्ली का नाम सुनना भी नहीं चाहती। यहां वह भटककर श्रमजीवी एक्सप्रेस से आ गई और सड़क किनारे बेहोश पड़ी मिली जहां से लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया था।
पुलिस ने बच्ची से पूछताछ कि और फिर उसे मघड़ा स्थित शांति कुटीर भिच्छू महिला अल्पावास गृह के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने सारी जानकारी लेने के बाद भी मामले में किसी तरह की जांच पड़ताल करने की कोशिश नहीं की। उधर, अल्पावास गृह में बच्ची की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नालंदा की एक संस्था ने उसे अपनाया है। उसकी देख-रेख कर रही है। यह दास्तान है जब हमारे अपने गैर हो जाते हैं तो किस कदर जिंदगी बेमानी हो जाती है। जुल्म-सितम से टूट चुकी नीतू (परिवर्तित नाम) को बचपन में मां-बाप का प्यार नसीब नहीं हुआ। जब होश संभाला तो पालने वालों ने भी ने इसके जीवन के साथ ऐसा खेल खेला, जिससे यह उबर नहीं सकी।
भूखे दरिंदों ने बरपाया कहर
इस मासूम के साथ ना जाने कितने जिस्म के भूखे दरिंदों ने किस तरह कहर बरपाया है। इसकी हालत को देखकर सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि इसके साथ किस तरह की दरिंदगी हुई होगी। बिहार शरीफ सदर अस्पताल में भर्ती यह युवती बार-बार कैमरे के सामने चीख रही थी, मगर होश नहीं रहने के कारण कुछ बोल नहीं पा रही थी।
होश में आने के बाद किया खुलासा
इस युवती को दीपनगर थाना पुलिस ने बेहोशी की हालत में बिहार शरीफ के पावापुरी हॉल्ट के समीप से बरामद किया है, जिसके बाद पुलिस ने इसे मघड़ा में चलने वाले शांति कुटीर महिला अल्पावास संस्था में पहुंचा दिया। संस्था की केयरटेकर रिंकू सिन्हा ने बताया कि होश आने के बाद इस युवती ने जो बात बताई थी वह मानवता को शर्मसार कर देने वाली है।
पहले बार, फिर कोठा
दरअसल, नीतू मुम्बई की रहने वाली बतायी जाती है। बचपन में ही मां-बाप से बिछड़ जाने के बाद एक महिला ने इसे पाल-पोस कर बड़ा किया। यह महिला एक बार बाला थी, शायद इसलिए नीतू को भी अपने काम में जबरन धकेल दिया। वह मुम्बई में बार बालाओं के साथ नृत्य करती थी। जब इससे भी उस महिला का लालच पूरी नहीं हुआ तो उसने इसे दिल्ली के एक कोठे पर चंद रुपए की खातिर बेच दिया, जहां जिस्म के भूखे दरिंदों ने इसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रेन से पहुंची नालंदा
किसी तरह यह उन दरिंदो के चंगुल से भागकर यह राजगीर नई दिल्ली श्रमजीवी एक्सप्रेस ट्रैन से नालंदा पहुंच गई। होश आने के बाद भी वह इस सदमे से उबर नहीं पाई थी कि अचानक फिर उसकी तबियत खराब हो गई।
जिसके बाद संस्था की महिलाओं ने इसे बिहार शरीफ सदर अस्पताल भर्ती कराया, जहां से उसकी हालत को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। अब तक इसके बारे यही कहानी पता चल सकी है। नीतू के ठीक होने के बाद इसके बाद और क्या-क्या हुआ इसका खुलासा हो सकता है।