पत्नी सुंदर नहीं थी, इसलिए जलाकर मार डाला
पत्नी सुंदर नहीं थी बस इसीलिए शुक्रवार की रात एसटीएफ जवान ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पत्नी को जिंदा जलाकर मार डाला। इसके बाद रात तकरीबन एक बजे महिला को बिहारशरीफ के खंदकपर स्थित एक निजी क्लीनिक में छोड़कर ससुराल वाले फरार हो गए।
पटना। पत्नी सुंदर नहीं थी बस इसीलिए शुक्रवार की रात एसटीएफ जवान ने अपने परिजनों के साथ मिलकर पत्नी को जिंदा जलाकर मार डाला। इसके बाद रात में महिला को बिहारशरीफ के खंदकपर स्थित एक निजी क्लीनिक में छोड़कर ससुराल वाले फरार हो गए।
जिंदा जलाई गई 25 वर्षीया मालती कुमारी नालंदा के नूरसराय थाना क्षेत्र के गनपुरा गांव निवासी राजकुमार यादव की पुत्री है। मालती का पति महेश यादव पटना में एसटीएफ में है। इस संदर्भ में मृतका के भाई गुड्डू कुमार ने बताया कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2009 में रहुई थानाक्षेत्र के निजाय गांव में हुई थी। उसके बाद पति व ससुराल वाले कुरुपता का आरोप लगा कर उसे प्रताडि़त कर रहे थे।
शादी के बाद एक पुत्र व पुत्री को जन्म दिया। उसने बताया कि ग्रामीणों ने उसे सूचना दी कि उसकी बहन को ससुराल वालों ने जिंदा जलाकर मार डाला है। गुड्डू ने बताया कि उसका बहनोई महेश यादव पटना में एसटीएफ में है। इसके अलावा महेश यादव का बड़ा भाई किशोर यादव भी पुलिस में है। उसने बताया कि बहनोई महेश यादव दूसरी शादी करना चाहता था। इसी वजह से उसके परिवार के लोग मालती कुमारी को पिछले कई माह प्रताडि़त कर रहे थे।
इस संदर्भ में मायके वालों ने पति महेश यादव, भैसुर, ससुर एवं ननद सहित पांच लोगों को नामजद किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। थानाध्यक्ष कृपाल जी ने बताया कि मायके वालों के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।