गंदगी के कारण तेजी से बढ़ रहा चर्म रोग
राजधानी समेत पूरे प्रदेश के लोगों में चर्म रोग की समस्या तेजी से बढ़ रही है।
पटना। राजधानी समेत पूरे प्रदेश के लोगों में चर्म रोग की समस्या तेजी से बढ़ रही है। इसका मुख्य कारण है चारों तरफ फैली गंदगी। अस्पतालों में आने वाले कुल मरीजों में 25 फीसद चर्म रोग के शिकार होते हैं। ये बातें रविवार को पटना एम्स के तत्वावधान में आयोजित कार्यशाला में दिल्ली एम्स के प्रोफेसर डॉ. संजय खांदपुर ने कहीं।
अतिथियों का स्वागत आयोजन समिति के सचिव डॉ.राजेश सिन्हा ने किया। इस अवसर पर दिल्ली के सफदरगंज हॉस्पिटल के डॉक्टर डॉ.वी रमेश ने कहा कि चर्म रोग पर नियंत्रण के लिए सफाई पर ध्यान देने की जरूरत है। शरीर की सफाई से लेकर घर एवं आसपास के वातावरण को स्वच्छ बनाना जरूरी है। चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ.अमरकांत झा अमर ने कहा कि राज्य में चर्मरोग विशेषज्ञों की काफी कमी हैं। मेडिकल कॉलेजों से लेकर अस्पतालों चर्मरोग विशेषज्ञ नहीं हैं। जिन अस्पतालों में चर्म रोग विशेषज्ञ हैं, उनका भी लाभ नहीं लिया जा रहा है। कई बार बीमारी काफी बढ़ जाती है, तब मरीज चिकित्सक के पास पहुंचते हैं, इससे इलाज में काफी परेशानी होती है। सही समय पर मरीज डॉक्टर के पास पहुंचे तो अधिकांश बीमारियों का कम खर्च में बेहतर इलाज किया जा सकता है। मौके पर डॉ.पूनम भदानी, डॉ.रुचि सिन्हा एवं डॉ.अभिषेक कुमार आदि मौजूद थे।