लालू यादव के रिश्तेदारों की दबंगई, घर में घुसकर आधा दर्जन को मार दी गाेली
बिहार में शुक्रवार की सुबह कई जगह गोलीबारी हुई। गाेपालगंज में हुई ऐसी एक घटना में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के रिश्तेदारों पर घर में घुसकर गाेली मारने का आरोप लगा है।
पटना [जेएनएन]। बिहार के विभिन्न जिलों में आज गोलीबारी में आठ लोग घायल हो गए। इन घटनाओं से संबंधित इलाकों में भय व तनाव का माहौल है। खास बात यह है कि इनमें एक घटना के में पीडि़त पक्ष ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के रिश्तेदारों पर घर में घुसकर गाेली मारने का आरोप लगाया है।
गोपालगंज जिले के मांझा थाना के पठानपट्टी पंचायत के मालिकाना गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दबंगों ने जमकर फायरिंग और मारपीट की। गोलीबारी में छह लोग घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायल सुधांशु सिंह के मुताबिक गोलीबारी करने वाले राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के रिश्तेदार जगरनाथ यादव और भोला यादव थे। भाजला यादव राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद का साढ़ू बताया जा रहा है।
बताया जाता है कि दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। इस दौरान मारपीट भी हुई। इसी क्रम में जगरनाथ यादव ने फायरिंग शुरू कर दी।
पीड़ितों के अनुसार उनलोगों ने गुरुवार को ही मांझा थाने में दबंगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद आज यह घटना हो गई।
यह भी पढ़ें: छपरा के बैंक से पांच लाख की लूट, जाते समय CCTV हार्ड डिस्क खोल ले गए लुटेरे
मुंगेर व आरा में भी गोलीबारी
मुंगेर के मुबारकचक में आज सुबह भूमि विवाद में एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। घायल को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, आरा में भी अपराधियों ने एक फर्नीचर व्यवसायी को गोली मारकर घायल कर दिया। घटना नवादा थाना के महाराणा प्रताप नगर इलाके की है। अपनी दुकान के पास खड़े फर्नीचर व्यवसाई मोनू सिंह को बाइक सवार अपराधियों ने निशाना बनाते हुए फायरिंग की। व्यवसायी ने सड़क किनारे बने गड्ढे में कूदकर जान बचाई। घायल व्यवसायी की हालत गंभीर है। स्थानीय अस्पताल ने उसे पटना रेफर कर दिया है।