शत्रुघ्न का आमिर से सवाल : अगर भारत 'असहिष्णु' तो 'PK' हिट कैसे?
भाजपा सांसद और सिने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अभिनेता आमिर खान के असहिष्णुता के बयान पर हमला बोला है। उन्होंने ट्विटर पर सवाल किया है कि अगर देश में असहिष्णुता का माहौल होता तो आमिर की फिल्म PK इतनी हिट कैसे हो गई?
पटना। भाजपा सांसद और सिने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने अभिनेता आमिर खान के असहिष्णुता के बयान पर हमला बोला है। उन्होंने ट्विटर पर सवाल किया है कि अगर देश में असहिष्णुता का माहौल है तो आमिर की फिल्म PK इतनी हिट कैसे हो गई?
शत्रुघ्न ने कहा कि भारत एक शांतिप्रिय देश है। आमिर खान का भारत में असहिष्णुता का माहौल है, यह कहना सरासर गलत है। उन्होंने अपन ट्वीट में लिखा है कि वे अामिर और उनके परिवार के चाहने वाले हैं, लेकिन आमिर जो भारत पर असहिष्णु होने का लेबल लगा रहे हैं उसे खारिज करते हैं।
शत्रुघ्न ने आगे लिखा है, अगर भारत असहिष्णु होता तो क्या आमिर की फिल्म PK को इतनी कामयाबी मिलती?हमारी मातृभूमि सभी जाति, संप्रदाय, धर्म को स्वभावत: एक जैसा समझती है।
यह है मामला
सोमवार की रात एक कार्यक्रम में सिने अभिनेता आमिर खान ने कहा था, "देश का माहौल देखकर एक बार तो पत्नी किरण ने बहुत बड़ी और डरावनी बात कह दी थी। किरण ने पूछा था कि क्या हमें देश छोड़ देना चाहिए? किरण बच्चे की हिफाजत के लिए डर महसूस कर रही थीं।'' आमिर के इस बयान के बाद देशभर में विरोध व समर्थन का दौर शुरू है।