सासाराम में एनटीपीसी की बस ने बच्चे को कुचला, लोगों ने गाडि़यां फूंकीं
सासाराम में शनिवार की सुबह एनटीपीसी की बस ने एक छात्र को रौंद दिया।
सासाराम। सासाराम में शनिवार की सुबह एनटीपीसी की बस ने एक छात्र को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया और तोड़फोड़ भी की। लोग इस घटना से इतने गुस्से में थे कि नौ गाडि़यों में आग लगा दी।
जानकारी के अनुसार डालमियानगर मॉडल स्कूल में कक्षा एक में पढ़ने वाले रजनीश कुमार अपने भाई के मनीष के साथ साइकिल से स्कूल जा रहा था, तभी एनटीपीसी की बस ने उसे कुचल दिया। घटना में मनीष को भी गंभीर चोटें आई हैं। उसका इलाज चल रहा है। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी। करीब नौ वाहनों को आग के हवाले कर दिया। लोगों ने पत्थरबाजी भी जिसमें डालमियानगर के थानाध्यक्ष को भी चोट लग गई। लोगों ने कई गाडि़यों के शीशे भी तोड़ डाले। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। करीब चार घंटे तक लोग उपद्रव करते रहे। एसपी चंदन कुशवाहा ने बताया कि मामले में करीब 21लोगों को हिरासत में लिया गया है। डीएम भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं।