रामविलास पासवान ने साधा निशाना, कहा - नीतीश को CM पद से दे देना चाहिए इस्तीफा
लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री रामविलास पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि नीतीश अगर बिहार के लोगों की जानमाल की सुरक्षा नहीं कर सकते तो उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।
पटना। लोजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री रामविलास पासवान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि नीतीश अगर बिहार के लोगों की जानमाल की सुरक्षा नहीं कर सकते तो उन्हें तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। नीतीश कुमार को सीएम पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।
पासवान ने कहा कि बिहार में पानी अब सर से ऊपर चला गया है राजधानी के इलाके की स्थिति ऐसी है, तो गांव की हालत क्या होगी? उन्होंने कहा कि बिहार मे फिर से नब्बे के दशक का माहौल बन गया है लोग घरों से निकलने से डर रहे हैं। बाहर बिहार की छवि खराब हुई है। लोग पूछने लगे हैं कि आखिर क्या हो रहा है बिहार में?
रामविलास पासवान ने कहा कि राज्य में अपराध अपने चरम पर है। यहां पुलिस के पास 47 नहीं है लेकिन अपराधी सरेआम एके 47 लहराते हुए हत्या करके निकल जा रहे हैं और पुलिस मुंह देखती रह जा रही है।एनडीए के गठबंधन में तो नीतीश कुमार शेर बने हुए थे आज महागठबंधन में क्यों भीगी बिल्ली बने हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में इंजीनियर, डॉक्टर, व्यवसायी, राजनीतिक कार्यकर्ता व आम जनता कोई भी अपने को सुरक्षित नहीं मान रहा है। जंगलराज की वापसी हो गई है। इस प्रकार की स्थिति से पूरे देश में एक बार फिर बिहार अशांत प्रदेश के रूप में जाना जाने लगा है।
केंद्रीय मंत्री ने रविवार को राघोपुर में स्व. बृजनाथी सिंह के परिजनों से मुलाकात के बाद कहा कि उनके पुत्र इस हत्याकांड को राजनीतिक साजिश करार दे रहे हैं। वे लालू प्रसाद पर आरोप लगा रहे हैं।
इस घटना की राज्य सरकार सीबीआई से जांच कराए। सरकार भी इस घटना को हाईप्रोफाइल मान रही है, तो सीबीआई ही पूरी घटना की पड़ताल निष्पक्ष तरीके से कर सकती है। कौन घटना का सूत्रधार है और कौन लोग बृजनाथी सिंह के पूरे परिवार की हत्या करना चाहते थे, इसकी तह तक जांच होनी चाहिए।