राजद का आरोप- BJP की भाषा बोल रहा जदयू, जदयू का जवाब- नाशकाले विपरीत बुद्धि
महागठबंधन में अभी भी बयानबाजी का दौर जारी है। एक ओर राजद की ओर से रघुवंश प्रसाद सिंह तीखे बयान दे रहे हैं तो वहीं जदयू प्रवक्ता भी उन्हें जवाब देने में पीछे नहीं हैं।
पटना [जेएनएन]। राजद के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह ने तीखे स्वर में जदयू के प्रवक्ताओं पर आरोप लगाया और कहा कि जदयू के प्रवक्ता गरिहंडा (गाली देना वाला) हैं और कहा कि उनकी नौकरी गाली देने की ही है। राजद ने जिन्हें ताज सौंपा, वह भी भाजपा की तरह बोलने लगे हैं।
रघुवंश ने शरद यादव को अनुभवी नेता बताया और कहा कि उनकी अपील माननी चाहिए। लालू परिवार पर संकट को रघुवंश ने सुल्तानी आपदा करार दिया और कहा कि देश में दो तरह की आपदाएं हैं। स्थानीय और सुल्तानी। राजद को सुल्तानी आपदा से लडऩा पड़ रहा है। सीबीआइ, ईडी एवं आइटी इसी तरह की आपदा है। तेजस्वी को निर्दोष बताते हुए रघुवंश ने कहा कि राजद ने इससे भी बड़ी आपदा देखी है।
रघुवंश प्रसाद के इस तीखे बयान का जदयू ने भी करारा जवाब दिया है। जदयू प्रवक्ता निखिल ने कहा कि विनाश काले विपरीत बुद्धि हो गयी है, हम भ्रष्टाचार के खिलाफ भाषा बोल रहे हैं ना कि बीजेपी की भाषा बोल रहे हैं। हम भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं।
जदयू प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि रघुवंश प्रसाद सिंह दरअसल राजनीतिक बेरोजगारी का दंश झेल रहे हैं और मुश्किल ये है कि हम उनकी कोई मदद भी नही कर सकते। उनकी मानसिक पीड़ा उभर-उभर कर बाहर आ रही है।
जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कहा कि सीएम नीतीश कुमार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज बुलंद की है और उन्होंने कभी भ्रष्टाचार को लेकर किसी से भी समझौता नहीं किया है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार कभी कुशासन की सरकार की पहल नहीं करेंगे। उन्होंने सुशासन की मिसाल पेश की है और इस जनम तो क्या अगले जनम में भी नीतीश इससे कोई समझौता नहीं करेंगे।
इसका जवाब देते हुए राजद नेता शक्ति सिंह ने कहा कि बेवजह की बयानबाजी से जो गलतफहमियां पैदा की जा रही हैं वो ठीक नहीं है। एेसे समय में नेताओं को संयम, भाषा और मर्यादा का खयाल रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि महागठबंधन में सब ठीकठाक है। रघुवंश बाबू के बयान को दूसरे रूप में लेना ठीक नहीं है।
रघुवंश प्रसाद ने केंद्र सरकार पर भी लगाया आरोप
राजद नेता रघुवंश प्रसाद सिंह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी महात्मा गांधी के चश्मे को सलाम करते हैं और उनके पोते गोपाल कृष्ण गांधी का अपमान। यह कैसा पाखंड है। उन्होंने पीएम की विदेश नीति को फेल बताते हुए कहा कि देश के पहले पीएम नेहरू जी शीर्षासन करते थे, जबकि पीएम मोदी मेढ़कासन कर रहे हैं। चीन सीमा पर आंख दिखा रहा है और पीएम का 56 इंच का सीना कहीं दिख नहीं रहा।
यह भी पढ़ें: बिहार कैबिनेट की बैठक: क्या फैसला लेंगे सीएम नीतीश? सबको है इंतजार
लालू प्रसाद व तेजस्वी यादव को फंसाया जा रहा है
उन्होंने पीएम पर लालू प्रसाद और डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाते हुए कहा कि सीबीआई, ईडी और आयकर के मार्फत उन्हें फंसाया जा रहा है। सबसे बड़ी परेशानी है कि महागठबंधन के भी लोग आजकल भाजपा की भाषा बोलने लगे हैं।
उन्होंने कहा कि अब तो लालू प्रसाद की हवाई यात्रा पर भी सवाल उठाए जाने लगे हैं। उन्हें आम यात्री बना दिया गया है। इस परिस्थिति में 27 अगस्त की रैली का विशेष महत्व है। वैसे सन् 91 के बाद जितनी रैली राजद ने की वह ऐतिहासिक रही है।
यह भी पढ़ें: बिहार से जुड़े तीसरे राष्ट्रपति बने रामनाथ कोविंद