कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्षों की नियुक्ति का फर्जी पत्र VIRAL, गरमाई राजनीति
कांग्रेस आलाकमान के फैसले से संबंधित एक फर्जी पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पत्र में चार कार्यकारी प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की अनुशंसा की बात लिखी है।
पटना [जेएनएन]। कांग्रेस आलाकमान द्वारा बिहार कांग्रेस को लेकर बड़े फैसले की चर्चा से राजनीति गरमा गई। कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी द्वारा जारी एक कथित पत्र सामने आया, जिसके अनुसार बिहार कांग्रेस के चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाए गए हैं। बाद में पार्टी प्रवक्ता शकील अहमद खा ने पत्र को फ़र्ज़ी बताया। इसके बाद माहौल शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात कांग्रेस कांग्रेस महासचिव जनार्दन द्विवेदी द्वारा जारी एक कथित पत्र सोशल मीडिया में वायरल हो गया। इसमें कहा गया कि पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अखिलेश सिंह, मदन मोहन झा, शकील अंसारी तथा अशोक राम को कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर सहमति दी है।
यह पत्र देखते-देखते वायरल हो गया। इसके बाद बिहार कांग्रेस में हड़कम्प मच गया। हालांकि, प्रदेश अध्यक्ष अशोक चौधरी ने इसकी जानकारी से इन्कार किया। बाद में कांग्रेस के वरिष्ठ प्रवक्ता शकील अहमद खा ने कहा जो पत्र जारी किया गया है वो फ़र्ज़ी है। आलाकमान ने ऐसा कोई फैसला नही लिया है।