पुटूस हत्याकांड में पुलिस मान रही विधायक की भूमिका
बाढ़ के युवक पुटूस का अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने अनुसंधान में जदयू विधायक अनंत सिंह समेत 13 लोगों की संलिप्तता पर मुहर लगा दी है। बिहटा में अपहरण के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए विधायक पुटूस हत्याकांड में अप्राथमिकी अभियुक्त बनाए गए थे।
पटना। बाढ़ के युवक पुटूस का अपहरण और हत्या के मामले में पुलिस ने अनुसंधान में जदयू विधायक अनंत सिंह समेत 13 लोगों की संलिप्तता पर मुहर लगा दी है। बिहटा में अपहरण के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेजे गए विधायक पुटूस हत्याकांड में अप्राथमिकी अभियुक्त बनाए गए थे।
उनके करीबी और मामले के आरोपी भूषण सिंह और पुटूस के पिता कपिल देव द्वारा कोर्ट में दिए गए बयान के आधार पर ग्रामीण एसपी हर किशोर राय ने अपनी पर्यवेक्षण रिपोर्ट में विधायक पर लगे आरोपों को सही पाया है।
उनका दावा है कि इस मामले में कुछ अहम सबूत हाथ लगे हैं। अनुसंधान प्रभावित होने की आशंका से पुलिस साक्ष्यों को सार्वजनिक नहीं कर रही है। हालांकि कुछ और ठोस सुबूत की पुलिस को अभी तलाश है।
एसएसपी विकास वैभव ने इस बात की पुष्टि की है कि आरोपियों और पुटूस के पिता के बयान पर आधारित पर्यवेक्षण रिपोर्ट में विधायक समेत 13 लोगों को इस कांड के लिए दोषी पाया गया है।
भूषण सिंह ने कोर्ट में दिया बयान
17 जून को बाढ़ में पवन कुमार उर्फ पुटूस यादव का अपहरण कर उसकी पिटाई कर हत्या कर दी गई थी। हत्याकांड में विधायक के करीबी भूषण सिंह को गिरफ्तार किया गया था। बाद में पांच और आरोपियों को पकड़ा गया।
आरोपियों ने बाढ़ के सहायक मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के कोर्ट में स्वीकार किया कि पुटूस ने एक महिला के साथ छेड़खानी की थी। जानकारी जब विधायक को हुई तो उन्होंने प्रताप सिंह और भूषण सिंह को सबक सिखाने का आदेश दिया।
विधायक के निर्देश पर चार युवकों को उठाया गया। तीन लड़कों को रिहा करने के बाद पुटूस की जमकर पिटाई की गई जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद हत्याकांड के वादी व पुटूस के पिता कपिल देव का कोर्ट में बयान कराया गया।
उन्होंने भी कांड में विधायक की भूमिका बताई। मामले में विधायक समेत आठ आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि पांच फरार आरोपी प्रताप, कन्हैया, चंदन, मनीष और बंटी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है।
डीएनए जांच को भेजे गए कपड़े
एसपी ग्रामीण के मुताबिक विधायक अनंत सिंह के सरकारी आवास से मिले खून के धब्बे लगे कपड़े बरामद किए गए थे। खून के धब्बे का मिलान पुटूस के पिता के डीएनए से कराया जा रहा है। जांच के लिए कपड़ों को हैदराबाद भेजा गया है। रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
बाढ़ के थानेदार निलंबित
पुटूस अपहरण व हत्याकांड के अनुसंधान में लापरवाही बरतने पर बाढ़ थाने के थानेदार आरबी महतो को एसएसपी ने निलंबित कर दिया है। इंस्पेक्टर संजय कुमार को बाढ़ थाने की कमान सौंपी गई है। एसएसपी ने वैज्ञानिक तरीके से पुटूस हत्याकांड का अनुसंधान करने का निर्देश दिया है।
अनंत की जमानत याचिका खारिज
बिल्डर राजू सिंह अपहरण कांड में आरोपी बेउर जेल में बंद मोकामा विधायक अनंत सिंह की जमानत याचिका सोमवार को दानापुर के अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी त्रिभुवन नाथ ने खारिज कर दी। लोक अभियोजक ने जमानत याचिका खारिज करने का आग्रह किया।