रेप के आरोपी RJD MLA के घर की हुई कुर्की-जब्ती, 'लालटेन' भी जब्त
नाबालिग लड़की से दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे नवादा के राजद से निलंबित विधायक राजबल्लभ यादव की संपत्ति की कुर्की जब्ती की कार्रवाई भारी तनाव के बीच संपन्न हुई। इस दौरान पुलिस किसी भी अनहोनी से निबटने के लिए तैयार थी।
पटना। नालंदा पुलिस ने रविवार को नवादा पुलिस के सहयोग से छात्रा से दुष्कर्म के आरोपी राजद विधायक राजबल्लभ यादव के इंग्लिश पथरा गांव स्थित आवास पहुंचकर उनकी संपत्ति की कुर्की-जब्ती की। कोर्ट के आदेश पर कुर्की की कार्रवाई नवादा सदर एसडीओ राजेश कुमार ने की। कार्रवाई सोमवार को भी जारी रहेगी।
फरार चल रहे विधायक के आवास से जब्त सामान को दो ट्रकों पर लोड कराकर नालंदा के लिए रवाना कर दिया गया है। नालंदा पुलिस विधायक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने राजबल्लभ के आवास से राजद के चुनाव चिह्न 'लालटेन' को भी जब्त कर लिया। पुलिस दो ट्रकों और जेसीबी को भी साथ पहुंची थी। वहां नालंदा और नवादा के पांच डीएसपी के साथ नवादा के एएसपी (अभियान) रवि भूषण मौजूद थे। सीआरपीएफ व रैफ भी तैनात थी।
पढ़ें : तीन लड़कियों से शुरू हुआ था सुलेखा का सेक्स कारोबार, आज करोड़ों की मालकिन
कुर्की-जब्ती के पूर्व विधायक की मां के साथ कुछ महिलाएं पहुंचीं। उन्होंने कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें हटा दिया। कार्रवाई के दौरान विधायक के कुछ वकील भी मौजूद थे। ग्रामीण दूर से ही नजारा देख रहे थे।
पुलिस ने कार्रवाई संपन्न होने तक आरोपी विधायक के गांव में बाहरी लोगों के आने-जाने पर रोक लगा दी थी। इस दौरान गाडिय़ों के आने-जाने पर भी प्रतिबंध रहा। रविवार को सुबह आठ बजे शुरू हुई कुर्की-जब्ती की कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। पुलिस के अनुसार कार्रवाई सोमवार को भी जारी रहेगी।
शनिवार को बिहारशरीफ की एडीजे (प्रथम) रश्मि शिखा की अदालत ने राजबल्लभ की संपत्ति की कुर्की-जब्ती का आदेश दिया था। कुर्की की अर्जी महिला थानाध्यक्ष ने दी थी।
दुष्कर्म के आरोपी विधायक ने घटना के 22 दिनों बाद भी आत्मसमर्पण नहीं किया है। पुलिस उनकी तलाश कर रही है, लेकिन गिरफ्तारी नहीं हो पा रही है। छात्रा को विधायक के पास पहुंचाने वाली शातिर महिला सुलेखा देवी व सेक्स रैकेट में सहयोग करने वाली उसकी मां राधा देवी व सुलेखा की पुत्री छोटी कुमारी को दो दिन पहले नालंदा पुलिस ने हिलसा के एक गांव से गिरफ्तार कर उसे कोर्ट के निर्देश पर जेल भेज दिया था।
क्या है पूरा मामला
- विधायक राजबल्लभ पर बिहारशरीफ की नाबालिग छात्रा से गिरियक स्थित मकान में दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना छह फरवरी की है। छात्रा बिहारशरीफ में अपनी बहन के साथ रहकर पढ़ाई करती है। पीड़िता की उम्र विधायक की सबसे छोटी संतान से भी कम है।
- लड़की को बर्थ-डे पार्टी के बहाने पड़ोस में रहनेवाली सुलेखा देवी ने झांसा देकर 30 हजार रुपये में बेच दिया था। उसके साथ राजबल्लभ ने दुष्कर्म किया। लड़की ने विधायक और उनके उस कार्यालयनुमा आवास की पहचान की थी, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया था ।
- छह फरवरी को लड़की को उसकी पड़ोसी सुलेखा देवी बर्थ-डे पार्टी के बहाने बस से बख्तियारपुर ले गई थी।
- इसके बाद योजनानुसार विधायक राजबल्लभ यादव के नवादा स्थित ठिकाने पर ले गई। यह विधायक का कार्यालयनुमा आवास है, जहां उसके परिवार का कोई सदस्य नहीं रहता।
- सुलेखा ने 30 हजार रुपये लेकर लड़की को विधायक के हवाले कर दिया। लड़की के अनुसार विधायक ने उसे पोर्न वीडियो दिखाया, जिससे घबराकर उसने वहां से भागने की कोशिश की। लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे दबोचकर फिर विधायक के हवाले कर दिया।
- विधायक राजबल्लभ यादव ने रातभर उसके साथ दुष्कर्म किया। छात्रा के अनुसार वह गिड़गिड़ाती रही लेकिन विधायक उसे धमकी देकर जबर्दस्ती करता रहा। इस दौरान उसका अश्लील एमएमएस भी बना लिया गया।
- दूसरे दिन सुबह सुलेखा वहां पहुंची और जान की धमकी देते हुए उसे घर पहुंचा दिया।
- घटना के तीन दिन बाद पीडि़त लड़की ने बिहारशरीफ महिला थाना में एफआइआर दर्ज कराई। एफआइआर में उसने जिक्र किया कि वह फोटो देखकर दुष्कर्मी की पहचान सकती है।
- दुष्कर्म पीड़ित लड़की ने फोटो देखकर विधायक को पहचान लिया। इसके बाद डीआइजी शालीन ने नवादा के राजद विधायक राजबल्लभ यादव की गिरफ्तारी का आदेश दिया।
- पुलिस विधायक की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। डीआइजी शालीन ने कहा कि आरोपी विधायक के खिलाफ 'पाक्सो' के तहत कार्रवाई की जाएगी।
- राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी घटना का संज्ञान लिया। आयोग की टीम पीडि़ता व अधिकारियों से मिली।
- नवादा के राजद जिलाध्यक्ष ने घोषणा की कि विधायक आत्मसमर्पण करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस बीच विधायक की तरफ से अग्रिम जमानत अर्जी दाखिल की गई, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया। अब आरोपी विधायक हाईकोर्ट की शरण में हैं।
- पीडि़त लड़की के पक्ष में उसके गांव के लोगों ने चंदा कर मुकदमा लड़ने का फैसला किया है।
- इस बीच विधायक के पास लड़की ले जाने वाली सुलेखा देवी सहित चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सुलेखा ने विधायक के पास लड़की पहुंचाने का गुनाह स्वीकार कर लिया है।
- बिहारशरीफ महिला थानाध्यक्ष की अर्जी पर कोर्ट ने दिया कुर्की जब्ती का आदेश। अदालत के आदेश पर कुर्की जब्ती।
यह भी पढ़ें : लव, सेक्स और धोखा : धर्म बदलकर की शादी, मन भरा तो छोड़ दिया
यह भी पढ़ें : SEX RACKET : पटना में पुलिस वाले ही चला रहे हनी ट्रैप का धंधा