सगाई के बाद शादी से मुकरा बैंक अधिकारी, पुलिस ने पिता-पुत्र को किया गिरफ्तार
शादी से पहले सगाई के वक्त वधूपक्ष ने दहेज के रूप में 25 लाख रुपये औऱ दो भर सोना दिया। वरपक्ष ने दहेज में 25 लाख रुपये और देने मांग की। इसपर बात मारपीट तक पहुंच गई।
पटना, जेएनएन। सगाई के बाद शादी करने के लिए लड़का और उसके पिता ने 25 लाख रुपये दहेज की मांग की और नहीं देने पर शादी से इनकार करने लगे। जब वधूपक्ष ने शादी ना तोड़ने की बात की तो पिता-पुत्र ने लड़की पक्ष के साथ मारपीट की। होटल में हुई इस मारपीट की सूचना होटलवालों ने पुलिस को दी तो भेद खुल गया।
लड़की पक्ष के लोगों से मारपीट करने के आरोप में गांधी मैदान थाने की पुलिस ने सोमवार को पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभिषेक कुमार सिन्हा सिवान में बैंक मैनेजर हैं, जबकि उसके पिता रवींद्र कुमार सिन्हा रिटायर्ड बैंक अधिकारी हैं। थानाध्यक्ष दीपक कुमार ने बताया कि आरोपितों पर दहेज अधिनियम और आइपीसी की धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
खगडिय़ा जिले के मुफस्सिल थानान्तर्गत एक गांव के निवासी की बेटी की शादी पूर्णिया के खजांची हाट मधुबनी गांव के रहने वाले निवासी रवींद्र कुमार सिन्हा के बेटे अभिषेक सिन्हा से तय की गई थी। पिछले साल 10 दिसंबर को राजेंद्रनगर के होटल में सगाई हुई थी।
लड़की के पिता का कहना है कि उन्होंने तोहफे में 25 लाख रुपये नकद और दो भर सोना दिया था। शादी की तिथि निर्धारित करने की बात शुरू हुई तो बाप-बेटे टालमटोल करने लगे। इसके बाद उन्होंने शादी के लिए और 25 लाख रुपयों की मांग की।
सोमवार को दोनों पक्ष एक्जीबिशन रोड के होटल पाटलिपुत्र में बातचीत करने आए। आरोप है कि लड़की पक्ष के आते ही अभिषेक और उसके परिजन दहेज के लिए दबाव बनाने लगे। बात तू-तू, मैं-मैं से बढ़कर मारपीट तक पहुंच गई। होटल कर्मचारी की सूचना पर पुलिस सभी लोगों को हिरासत में लेकर थाने पहुंची। तब सच्चाई का पता चला।