जन्माष्टमीः जन्मोत्सव पर मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु, हर जगह उत्साह
जन्माष्टमी पर पटना के इस्कॉन मंदिर सहित राज्य के कोने-कोने में स्थित मंदिरों को भव्य रूप से सजाया गया है। घरों में भी जन्माष्टमी पर व्यापक तैयारी है। चहुँओर उल्लास का वातावरण है।
पटना [वेब डेस्क ]। जन्माष्टमी को लेकर राजधानी पटना सहित पूरे बिहार में उत्साह का वातावरण है। जगह-जगह विभिन्न आयोजन हो रहे हैं। मंदिरों को सजाने के साथ गांव-गांव में आयोजन को लेकर अलग-अलग प्रबंध किए गए हैं। राजधानी पटना में इस्कॉन मंदिर में सुबह से ही भजन-कीर्तन शुरू हो गया था। यहां शाम ढलने के साथ मंदिरों में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया है।
तस्वीरें: नंद के घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की
सबको आधी रात का इंतजार है जब श्रीकृष्णजन्मोत्सव की हर ओर धूम होगी। जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों में भगवान बांके बिहारी और श्रीराधाजी की प्रतिमाओं का भव्य शृंगार किया गया है। परिसर में भजन-कीर्तन और राधे-राधे के उद्घोष से माहौल बदला हुआ है।
पढ़ेंः जो है अलबेला, मदनयनों वाला...जानिए क्यों हैं कृष्ण दुनिया में लोकप्रिय
श्रीकृष्ण भक्त झूम-झूम कर गा रहे हैं। वाद्य यंत्रों के साथ झूमते श्रद्धालु और भगवान के भक्त भी आकर्षण के केंद्र बने हुए हैं। उधर अन्य मंदिरों को भी इस मौके पर भव्य रूप से सजाया गया है।चौतरफा उल्लास के वातावरण में महिला समूहों में भी अतिरिक्त खुशी देखी जा रही है। जगह-जगह महिलाओं ने रासमंडली के रूप में गीतों पर नृत्य करके भगवान की रासलीला को जीवंत किया।
पढ़ेंः यह जन्माष्टमी है खास, बने श्रीकृष्ण जन्म के खगोलीय संयोग...जानिए
राजधानी पटना के अतिरिक्त मुजफ्फरपुर, भागलपुर, गया, दरभंगा और अन्य जिलामुख्यालयों पर अवस्थित श्रीकृष्ण मंदिरों में इस अवसर पर विशेष पूजा का आयोजन किया गया है। इस बीच राज्यपाल रामनाथ कोविंद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के लोगों को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दी हैं।